MUZAFFARPUR : DM सुब्रत कुमार सेन ने सकरा प्रखंड अंतर्गत घटित दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना एवं सहानुभूति प्रकट की है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन इस कठिन घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है और नियमानुसार सभी आवश्यक सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया गया कि मृतकों के अंतिम संस्कार के लिए कबीर अंत्येष्टि योजना के अंतर्गत प्रति मृतक 3000 रुपये की दर से पंचायत स्तर पर राशि प्रदान की गई है, ताकि परिजनों को तात्कालिक सहायता मिल सके।

इसके अतिरिक्त, घटना में प्रभावित दोनों नाबालिग बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करने के उद्देश्य से परवरिश योजना के तहत प्रतिमाह 1000 रुपये की दर से 18 वर्ष की आयु तक सहायता राशि उपलब्ध कराने हेतु त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, सकरा को दिया गया है। इस प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने को कहा गया है।

बच्चों की शिक्षा एवं समुचित देखभाल को ध्यान में रखते हुए दोनों बच्चों का नामांकन डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय, पोखरैरा में कराया गया है। साथ ही, वर्तमान शीतकालीन परिस्थितियों को देखते हुए बच्चों को आवश्यक गर्म कपड़े भी उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि उपर्युक्त सहायता के अतिरिक्त भी यदि कोई अन्य सरकारी सहायता नियमानुसार देय होगी, तो उसे भी सुनिश्चित रूप से प्रदान किया जाएगा। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि पीड़ित परिवार के साथ निरंतर संपर्क में रहकर हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाए।

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD