MUZAFFARPUR : वित्तीय वर्ष 2025-26 की समाप्ति को देखते हुए नगर निगम ने होल्डिंग टैक्स वसूली तेज करते हुए नागरिकों की सुविधा के लिए निगम काउंटर सुबह 7:00 बजे से रात 10:00 बजे तक संचालित करने का निर्णय लिया है। निगम मुख्यालय के साथ-साथ अंचल स्तर पर भी काउंटरों को विस्तारित समय में संचालित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक नागरिक वन टाइम सेटलमेंट (ओटीएस) योजना का लाभ उठाकर अपने करों का भुगतान कर सकें।

नगर निगम के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार शहर में कुल 55,532 होल्डिंग दर्ज हैं। इनमें से अब तक 28,701 होल्डिंग से होल्डिंग टैक्स की वसूली की गई है, जो लगभग 51.68 प्रतिशत है। वहीं 1 अप्रैल 2025 से 29 मार्च 2026 तक कुल 35,66,28,435 रुपये की राजस्व वसूली की जा चुकी है। शेष अवधि में लक्ष्य प्राप्ति के लिए निगम प्रशासन ने वसूली अभियान तेज करते हुए सभी कर संग्राहकों, टैक्स दरोगाओं एवं संबंधित कर्मियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लंबित होल्डिंग से कर संग्रह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नागरिकों की सुविधा के लिए भुगतान ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से किया जा सकता है। निगम काउंटरों पर विस्तारित समय में भुगतान की सुविधा उपलब्ध रहेगी, वहीं ऑनलाइन माध्यम से भी नागरिक घर बैठे ओटीएस योजना का लाभ उठा सकते हैं।

नगर आयुक्त ऋतुराज प्रताप सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि योजना के अंतिम अवसर का लाभ उठाते हुए 31 मार्च तक अपने होल्डिंग टैक्स का भुगतान करें। उन्होंने कहा कि योजना समाप्त होने के बाद ब्याज एवं दंड में दी जा रही छूट का लाभ उपलब्ध नहीं होगा। इसलिए नागरिक अंतिम समय का इंतजार न करते हुए शीघ्र भुगतान करें।

निगम प्रशासन द्वारा प्रतिदिन वसूली की मॉनिटरिंग की जा रही है। साथ ही संबंधित पदाधिकारियों को पर्याप्त कर्मियों की तैनाती, काउंटर व्यवस्था एवं राजस्व संग्रह की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है, ताकि वित्तीय वर्ष समाप्ति से पूर्व अधिकतम राजस्व संग्रह किया जा सके।

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD