MUZAFFARPUR : पियर थाना की पुलिस को शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। सोमवार रात वाहन जांच के दौरान पुलिस ने दो लग्जरी गाड़ियों – एक स्कॉर्पियो और एक टाटा पंच – से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

थानाध्यक्ष पंकज यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार रात बड़गांव चौक के समीप वाहन चेकिंग अभियान के दौरान जब इन दोनों गाड़ियों को रुकने का इशारा किया गया, तो चालक भागने लगे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पीछा किया और करीब तीन किलोमीटर दूर बरियारपुर मोहनपुर ग्रामीण सड़क के पास दोनों वाहनों को रोक लिया।

गिरफ्तार किए गए दोनों युवकों ने पूछताछ में अपनी पहचान:

ललित डागर, पिता सोमवीर सिंह, निवासी नजफगढ़, दिल्ली, नितिन गरोवा, पिता सुभाष गरोवा, निवासी रोहतक, हरियाणा के रूप में बताई।

पुलिस ने दोनों वाहनों की तलाशी में विभिन्न ब्रांड की कुल 726 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। साथ ही तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पूछताछ के बाद दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मंगलवार को उन्हें कोर्ट में पेश किया गया।

थानाध्यक्ष ने बताया कि जब्त स्कॉर्पियो और टाटा पंच के कागजातों की जांच की जा रही है। साथ ही फरार तस्कर की तलाश में छापेमारी जारी है।

इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, खासकर तब जब शराबबंदी के बावजूद लगातार तस्करी के प्रयास हो रहे हैं।

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD