MUZAFFARPUR : राज्य सरकार खिलाड़ियों को स्थानीय स्तर पर ही आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराकर उनकी प्रतिभा को विकसित करने और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए सतत प्रयासरत और प्रतिबद्ध है। इसके फलस्वरूप मुजफ्फरपुर के खिलाड़ी अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर न केवल राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में बल्कि राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मंच पर भी अपनी पहचान कायम कर रहे हैं। कई खिलाड़ियों ने खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य सरकार की नौकरी भी हासिल की है।

राजगीर में सुब्रतो कप अंडर-15 फुटबॉल में मुजफ्फरपुर चैंपियन
4 अगस्त को राजगीर में आयोजित सुब्रतो कप अंडर-15 फुटबॉल मैच में मुजफ्फरपुर टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

मशाल विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता 11 से 13 अगस्त तक
सिकंदरपुर स्टेडियम और खेल भवन में 11 से 13 अगस्त तक मशाल विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन होगा। इसमें 14 वर्ष से कम उम्र के बालक-बालिकाएं एथलेटिक्स, कबड्डी, वॉलीबॉल, फुटबॉल और साइक्लिंग प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगी।

पंचायत स्तर पर खेल मैदान का निर्माण
मुजफ्फरपुर जिले की 373 ग्राम पंचायतों और 7 नगर पंचायतों में खेल मैदान चिन्हित किए गए हैं। इनमें से 242 पंचायतों में निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है, जो शीघ्र पूरा होगा।

प्रखंड स्तरीय आउटडोर स्टेडियम
जिले के 9 प्रखंड—मीनापुर, कांटी, मोतीपुर, कुढ़नी, साहेबगंज, बंदरा, औराई, गायघाट और सकरा—में आउटडोर स्टेडियम का निर्माण कर संबंधित विद्यालयों को हस्तांतरित किया जा चुका है। इसके अलावा सरैया, मुसहरी, कटरा, बोचहा, मड़वन, पारू और मुरौल प्रखंडों में आउटडोर स्टेडियम निर्माण के प्रस्ताव भेजे गए हैं।

खेल भवन
जिला मुख्यालय में निर्मित खेल भवन का संचालन सरकारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप सफलतापूर्वक किया जा रहा है। यहां विभिन्न खिलाड़ी प्रतिदिन अभ्यास करते हैं और भूतल पर मल्टीजिम सुविधा उपलब्ध है।

मुख्यमंत्री खेल विकास योजना और खेलो इंडिया कार्यक्रम
एकलव्य राज्य आवासीय भारोत्तोलन (बालिका) प्रशिक्षण केंद्र, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सिकंदरपुर में निर्मित, शीघ्र संचालन के लिए तैयार है।
खेलो इंडिया वुशू स्मॉल लेवल केंद्र और ताइक्वांडो स्मॉल लेवल केंद्र में प्रतिदिन सुबह-शाम 30-30 खिलाड़ियों को प्रशिक्षक द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
6 बड़े प्रोजेक्ट
• पंडित नेहरू स्टेडियम सिकंदरपुर – सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक
• स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स सिकंदरपुर – मल्टीपर्पस इंडोर हॉल
• शहीद खुदीराम बोस फुटबॉल मैदान – सिंथेटिक फुटबॉल टर्फ
• जिला स्कूल मुजफ्फरपुर – सिंथेटिक हॉकी टर्फ मैदान
• बी बी कॉलेजिएट प्लस टू विद्यालय – सिंथेटिक हॉकी फील्ड विथ लाइटिंग
• एलएस कॉलेज – सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक






