मुजफ्फरपुर: बहुप्रतीक्षित पताही एयरपोर्ट के विकास कार्य ने रफ्तार पकड़ ली है। एयरपोर्ट को कोड-बी श्रेणी के अनुरूप विकसित करने की दिशा में निर्माण प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। शनिवार को अधिकारियों और तकनीकी टीम ने एयरपोर्ट परिसर का निरीक्षण किया तथा रनवे और अन्य निर्माण कार्यों के लिए साफ-सफाई एवं प्रारंभिक तैयारियों का जायजा लिया। जानकारी के अनुसार, रनवे निर्माण के लिए जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

पताही एयरपोर्ट के आधुनिकीकरण के प्रथम चरण का कार्य 2 जुलाई से शुरू हो चुका है। इस चरण में लगभग 43.13 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य किए जा रहे हैं। इनमें से 23.47 करोड़ रुपये की राशि से आधुनिक टर्मिनल भवन, एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) भवन, फायर स्टेशन सहित अन्य आवश्यक संरचनाओं का निर्माण कराया जाएगा।

पूरी परियोजना को इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन (EPC) मॉडल के तहत निर्धारित समयसीमा में पूरा करने की योजना है। अधिकारियों का मानना है कि यह परियोजना उत्तर बिहार में हवाई संपर्क को नई मजबूती देगी और क्षेत्र के आर्थिक व व्यावसायिक विकास को भी गति मिलेगी।

पटना, गया, दरभंगा और पूर्णिया से नागरिक विमान सेवाएं शुरू होने के बाद अब मुजफ्फरपुर को भी हवाई नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि पताही एयरपोर्ट के विकसित होने के बाद शहर से भी नियमित विमान सेवाओं का संचालन जल्द शुरू हो सकेगा।

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD