प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बिहार के दौरे पर हैं। वह सुबह करीब 11 बजे गया पहुंचे, जहां मगध विश्वविद्यालय, बोध गया में आयोजित एक बड़े कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने रेलवे, सड़क और उच्च शिक्षा से जुड़ी करीब 13 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इसके साथ ही पीएम मोदी ने दो नई ट्रेनों को हरी झंडी भी दिखाई। इनमें एक ट्रेन दिल्ली–गया के बीच और दूसरी बिहार–झारखंड के बीच चलेगी। अपने बिहार प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री मोदी गया के अलावा पटना और बेगूसराय जिलों में भी कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

गंगा पर बने 6-लेन पुल का उद्घाटन
बेगूसराय में पीएम मोदी ने गंगा नदी पर बने औंटा–सिमरिया 6-लेन पुल का उद्घाटन किया। लंबे समय से प्रतीक्षित यह प्रोजेक्ट 1,870 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पूरा हुआ है। इसमें NH-31 पर 8.15 किमी का हिस्सा और 1.86 किमी लंबा पुल शामिल है। यह पुल पुराने राजेंद्र सेतु के समानांतर बना है और मोकामा (पटना जिला) से बेगूसराय के बीच संपर्क को और सुगम बनाएगा। इससे भारी वाहनों को अब 100 किमी का अतिरिक्त चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।

व्यापार और कनेक्टिविटी को बढ़ावा
नया पुल न केवल ट्रैफिक जाम कम करेगा बल्कि उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच यात्रा समय भी घटाएगा। इससे बेगूसराय, सुपौल, मधुबनी, पूर्णिया, अररिया जैसे उत्तरी जिलों और शेखपुरा, नवादा, लखीसराय, पटना जैसे दक्षिणी जिलों के बीच व्यापार को नई गति मिलेगी। विशेषज्ञों का मानना है कि यह पुल क्षेत्रीय व्यापार और औद्योगिक विकास के लिए अहम साबित होगा।

दो ट्रेनों की शुरुआत
पीएम मोदी ने गया–नई दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेन हफ्ते में दो दिन चलेगी और दोनों क्षेत्रों की कनेक्टिविटी को मजबूत करेगी। इसके अलावा प्रधानमंत्री ने वैशाली–कोडरमा बुद्धिस्ट सर्किट ट्रेन की भी शुरुआत की।

बिहार को कई और सौगातें
प्रधानमंत्री ने बिहार के लिए कई और महत्वपूर्ण परियोजनाओं की नींव रखी और उद्घाटन किया। इसमें शामिल हैं –
• NH-31 का बख्तियारपुर–मोकामा सेक्शन (चार लेन)
• बक्सर थर्मल पावर प्लांट (660×1 MW, लागत 6,880 करोड़ रुपये)
• मुजफ्फरपुर में होमी भाभा कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर
• मुंगेर में नमामि गंगे के तहत सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट
• दाउदनगर, जहानाबाद, बारहिया, जमुई, औरंगाबाद और बोधगया में पानी व सीवरेज परियोजनाएं (अमृत 2.0 के तहत)
हज़ारों को मिलेगा नया घर
पीएम मोदी ने आज प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY-ग्रामीण) के तहत 12,000 लाभार्थियों और PMAY-अर्बन के तहत 4,260 लाभार्थियों के लिए गृह प्रवेश कार्यक्रम भी किया। इससे हजारों परिवारों को अपना नया घर मिल सकेगा।








