बिहार में चल रही वोटर अधिकार यात्रा के दौरान कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी शनिवार को कटिहार पहुंचे। यहां उन्होंने मखाना किसानों से मुलाकात की और तालाब में उतरकर खुद मखाना निकालने की प्रक्रिया का अनुभव लिया। राहुल ने खेत से लेकर तैयार मखाना बनने तक की पूरी प्रक्रिया को समझा और किसानों की समस्याओं को नज़दीक से जाना।
किसानों से बातचीत में राहुल गांधी ने उनकी परेशानियों को गंभीरता से सुना। बाद में उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा कि “बिहार दुनिया का 90% मखाना पैदा करता है, लेकिन दिन-रात मेहनत करने वाले किसानों को मुनाफ़े का 1% भी नहीं मिलता। बड़े शहरों में मखाना 1000–2000 रुपये किलो बिकता है, लेकिन इन्हें नाममात्र की कमाई होती है।”

बिहार दुनिया का 90% मखाना उगाता है, मगर दिन-रात धूप-पानी में मेहनत करने वाले किसान-मज़दूर मुनाफे का 1% भी नहीं कमाते हैं।
आज, इन किसानों से उनके खेतों में मिलकर उनकी आपबीती जानी।
बड़े शहरों में 1000-2000 रुपए किलो बिकता है, मगर इन मेहनतकशों, पूरे उद्योग की नींव को, नाम मात्र का… pic.twitter.com/TeTKv5usdh
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) August 23, 2025
राहुल ने कहा कि इस उद्योग की रीढ़ दलित, पिछड़े और बहुजन समाज से आने वाले किसान हैं, जिनकी मेहनत पर पूरा कारोबार खड़ा है, लेकिन लाभ सिर्फ गिने-चुने लोगों को मिलता है। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि “यह सरकार किसानों के सम्मान और अधिकारों की परवाह नहीं करती।”

वोटर अधिकार यात्रा शनिवार को कटिहार से पूर्णिया के लिए रवाना हुई। 17 अगस्त से शुरू हुई इस यात्रा में तेजस्वी यादव समेत महागठबंधन के तमाम वरिष्ठ नेता हिस्सा ले रहे हैं। तीसरे चरण में प्रियंका गांधी भी शामिल होंगी, जबकि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन, कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया, समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुखू समेत इंडिया गठबंधन के कई दिग्गज नेता इस यात्रा में जुड़ने वाले हैं।










