MUZAFFARPUR : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा 27 अगस्त को मुजफ्फरपुर जिले में प्रवेश करेगी। इस यात्रा में राहुल गांधी के साथ कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी और डीएमके नेता व तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन भी मौजूद रहेंगे।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरविन्द कुमार मुकुल ने बताया कि प्रियंका गांधी और एमके स्टालिन 26 अगस्त को ही बिहार पहुँच जाएंगे और सहरसा से यात्रा में शामिल होंगे। खास बात यह होगी कि प्रियंका गांधी पहली बार मुजफ्फरपुर में पार्टी के किसी कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी।

यात्रा 27 अगस्त को गायघाट से जिले में प्रवेश करेगी। बेरुआ बुनियादी विद्यालय के पास पंचायत भवन में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के लिए भोजन का प्रबंध किया गया है। इसके बाद यात्रा जीरोमाइल चौक पहुँचेगी, जहाँ रोड शो आयोजित होगा। इस दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य नेता आम जनता से रू-ब-रू होंगे।

जिलाध्यक्ष ने बताया कि यात्रा का अगला पड़ाव मीनापुर और औराई विधानसभा क्षेत्र होंगे। इसके बाद यात्रा सीतामढ़ी के रुन्नीसैदपुर की ओर बढ़ेगी। यात्रा की तैयारियों को लेकर रविवार को पार्टी नेताओं ने स्थल का निरीक्षण किया और बताया कि सारी व्यवस्थाएँ लगभग पूरी हो चुकी हैं।
Input : Hindustan











