अगर आप भारतीय रेलवे से सफर करते हैं तो यह खबर आपके लिए महत्वपूर्ण हो सकती है। रेलवे अब टिकटिंग और रिजर्वेशन प्रक्रिया को ज्यादा पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रहा है। 1 जुलाई 2025 से यात्री सुविधाओं को लेकर कई बदलाव लागू किए जाएंगे।

8 घंटे पहले बनेगा रिजर्वेशन चार्ट

रेलवे बोर्ड के प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने यह निर्देश दिए हैं कि अब ट्रेन के रवाना होने से 8 घंटे पहले आरक्षण चार्ट तैयार किया जाएगा। इसे चरणबद्ध तरीके से देशभर में लागू किया जाएगा। इस बदलाव का सबसे बड़ा लाभ वेटिंग लिस्ट वाले यात्रियों को मिलेगा, जिन्हें अपनी टिकट की स्थिति पहले ही स्पष्ट हो जाएगी और वे वैकल्पिक यात्रा की योजना बना सकेंगे।

तत्काल टिकट बुकिंग के नियमों में बदलाव

1 जुलाई से तत्काल टिकट बुकिंग को लेकर भी एक नया नियम लागू होगा। अब सिर्फ वही यात्री तत्काल टिकट बुक कर पाएंगे जिनका आधार कार्ड IRCTC पर वेरिफाइड होगा। यह कदम टिकटिंग में पारदर्शिता और सुरक्षा बढ़ाने के उद्देश्य से उठाया गया है।

किराए में मामूली बढ़ोतरी

इसके साथ ही रेलवे ने यात्रा किराए में भी हल्की बढ़ोतरी का निर्णय लिया है। नॉन-एसी मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के किराए में 1 पैसा प्रति किलोमीटर, जबकि एसी क्लास में 2 पैसे प्रति किलोमीटर की दर से वृद्धि होगी। हालांकि, 500 किलोमीटर तक की यात्रा और मासिक सीजन टिकट (MST) की दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

यात्रियों को मिलेगा बेहतर अनुभव

रेलवे के ये बदलाव न केवल रिजर्वेशन प्रक्रिया को अधिक व्यावहारिक बनाएंगे बल्कि यात्रियों को समय पर जानकारी मिलने से उनकी यात्रा योजना भी अधिक सुनिश्चित हो सकेगी। इससे टिकट रद्दीकरण की स्थिति में रेलवे को भी नुकसान कम होगा और अधिकतम यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिल सकेगा।

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD