इंडियन रेलवे ने बिहार सहित पूरे देश के यात्रियों के लिए दिवाली और छठ पूजा को देखते हुए विशेष इंतज़ाम किए हैं। त्योहारों के दौरान यात्रियों की भीड़ को संभालने के लिए 12 हजार विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। यह सेवा अगले दो महीनों तक जारी रहेगी। साथ ही रेलवे ने वापसी यात्रा पर यात्रियों को राहत देते हुए 20 फीसदी किराये में छूट देने का निर्णय लिया है।

यह छूट 13 से 26 अक्टूबर तक की यात्रा और 17 नवंबर से 1 दिसंबर तक वापसी की यात्रा पर लागू होगी। इस दौरान गयाजी से दिल्ली, सहरसा से अमृतसर और मुजफ्फरपुर से हैदराबाद के बीच अमृत भारत ट्रेनें भी चलाई जाएंगी। इसके अलावा, बुद्ध सर्किट ट्रेनें वैशाली, हाजीपुर, सोनपुर, पटना, फतुहा, राजगीर, नाटेसर, गया और कोडरमा को आपस में जोड़ेंगी। वहीं, पूरैना से पटना के बीच वंदे भारत ट्रेन की भी शुरुआत होगी।


बिहार में रेलवे ढांचे को मजबूत करने के लिए कई विकास कार्य भी किए जाएंगे। बक्सर से लखीसराय तक तीसरी और चौथी रेल लाइन का निर्माण होगा, लौकाहा में वाशिंग पिट तैयार किया जाएगा और पटना के चारों ओर रिंग रेलवे बनाने की योजना है। साथ ही, सुल्तानगंज से देवघर तक नई रेल लाइन बिछाई जाएगी। इसके अलावा, राज्य में कई जगह आरओबी (ROB) और आरयूबी (RUB) का निर्माण भी किया जाएगा।









