बिहार विधानसभा चुनाव के लिए राजद ने अपने 30 स्टार प्रचारकों की सूची सोमवार को चुनाव आयोग को सौंप दी। सूची में लालू परिवार से राबड़ी देवी, तेजस्वी प्रसाद यादव, तेज प्रताप यादव, मीसा भारती का नाम शामिल है। वहीं पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह का नाम मीसा भारती से भी नीचे है।

वहीं लिस्ट में शिवानंद तिवारी, रामचंद्र पूर्वे, जयप्रकाश नारायण यादव, मनोज कुमार झा, अहमद अशफाक करीम, अमरेंद्र धारी सिंह, प्रेमचंद्र गुप्ता, डॉक्टर तनवीर हसन, वृषिण पटेल, सुबोध कुमार, डॉ सुनील कुमार सिंह, मोहम्मद फारुख, सुरेश पासवान, सुखदेव पासवान, राजवंशी महतो, सीताराम यादव, उर्मिला ठाकुर, कारी सोहेब, अनिल कुमार पासवान, प्रतिमा कुशवाहा, राजनीति प्रसाद ,नारायण महतो, रामबली सिंह ,अशोक कुमार सिंह, सलीम परवेज के नाम शामिल हैंं।

RJD ने बुलंद किया तेजस्वी भव: बिहार का नारा 
राजद ने सोमवार को अपने प्रचार अभियान की विधिवत शुरुआत की। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह की मौजूदगी में राज्यसभा सांसद मनोज झा ने राजद का प्रचार वीडियो और गीत लांच किया। इसमें पार्टी ने तेजस्वी भव: बिहार का नारा बुलंद किया है। गीत में मौजूदा सरकार को विभिन्न मोर्चों पर घेरने का प्रयास किया है। ओजस्वी और तेजस्वी बिहार बनाने का वादा किया है। पार्टी नेता मनोज झा ने इसे राजद का नहीं बिहार की जनता का गीत बताया।

उन्होंने कहा कि बिहार बदलाव के लिए लालायित है। कहा कि हमारी पार्टी और नेता ने इसी बदलाव का रोडमैप जनता के सामने रखा है। मनोज झा ने कहा कि दस लाख सरकार नौकरी देने का जो वायदा नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने किया है, उसका क्रियान्वयन सरकार बनने के दो माह के अंदर सबको दिखने लगेगा। पहली कैबिनेट में पहला फैसला यही होगा। कहा कि कोरोना काल में पूरे देश और दुनिया ने सड़कों पर भटकते बिहारियों का दर्द देखा है। हमारा वादा है कि ऐसा दर्द फिर नहीं होगा। कहा कि लॉकडाउन के दौरान जब लोग सरकार को खोज रहे थे, तब नेता प्रतिपक्ष और उनके दल के लोग पूरे देश में फंसे बिहारियों की मदद में जुटे थे। कहा कि बिहार में 15 साल में तमाशे के अलावा कुछ नहीं हुआ।

Input: Live Hindustan

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD