राजद के प्रदेश प्रवक्ता चितरंजन गगन ने भाजपा के किसान चौपाल को ढकोसला बताते हुए कहा है कि बिहार के किसान उनके झांसे में आने वाले नहीं हैं। राजद प्रवक्ता ने कहा कि बिहार के किसानों के बारे में एनडीए नेताओं द्वारा फर्जी दावे किये जा रहे हैं।
चितरंजन गगन ने आगे कहा कि सच्चाई यह है कि बिहार के किसानों में दूसरे राज्यों की तुलना में ज्यादा आक्रोश है। इसका इजहार उन्होंने अभी हुए बिहार विधानसभा चुनाव में कर भी दिया है। राजद प्रवक्ता ने चुनाव में एनडीए को मिले किसानों के समर्थन के दावे को खारिज करते हुए कहा कि बिहार के जिस क्षेत्र को ‘धान का कटोरा’ कहा जाता है, वहां एनडीए का खाता भी नहीं खुला है।
किसान आंदोलन के समर्थन में AAP का एक दिवसीय उपवास
दिल्ली में आंदोलनकारी किसानों के समर्थन में बिहार की आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता सोमवार को एक दिवसीय उपवास रहे। सुयश कुमार ज्योति उर्फ राजा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पटना के गांधी मैदान गेट नंबर चार पर एक दिवसीय उपवास किया। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता बबलू कुमार प्रकाश ने कहा कि दिल्ली बॉर्डर पर किसानों के आंदोलन का आज 19वां दिन है। लगभग 11 किसानों की जान जा चुकी है। लेकिन केंद्र सरकार, भाजपा के नेता, मंत्री अपने अहंकार में चूर हैं। उनको लगता है कि एक न एक दिन इस आंदोलन को तोड़ देंगे और बदनाम कर देंगे। इस बढ़ती ठंड से किसान अपने घर चले जाएंगे। मुझे लगता है कि वो गलतफहमी में हैं। देश के किसान की जिदंगी का सवाल है।
Input: Live Hindustan




