मुजफ्फरपुर। जैतपुर थाना क्षेत्र में ऑटो चालक से लूटपाट और जानलेवा हमले की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर लिया है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए लूटी गई ऑटो और आधार कार्ड बरामद किया है।

जानकारी के अनुसार, 15 जून की रात बोचहां थाना क्षेत्र निवासी सीएनजी ऑटो चालक मो. साबिर को कुछ लोगों ने मुजफ्फरपुर से साहेबगंज जाने के लिए ऑटो रिजर्व किया था। ऑटो में दो पुरुष, एक महिला और एक छोटा बच्चा सवार थे। देर रात जब वाहन जैतपुर थाना क्षेत्र के कोलवारा गांव के समीप सुनसान इलाके में पहुंचा, तब सवार लोगों ने चालक के साथ मारपीट की और उस पर जानलेवा हमला कर दिया। इसके बाद उसका सीएनजी ऑटो, मोबाइल फोन और आधार कार्ड लूटकर फरार हो गए।

घटना के बाद मो. साबिर के आवेदन पर जैतपुर थाना में कांड संख्या 116/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के अनुश्रवण तथा सरैया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।

गठित टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बरूराज थाना क्षेत्र निवासी दीपक कुमार और अहियापुर थाना क्षेत्र निवासी शालू देवी के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि दीपक कुमार की निशानदेही पर लूटी गई ऑटो और आधार कार्ड बरामद कर लिया गया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल तीसरे आरोपी की पहचान कर ली गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

बरामदगी

* लूटी गई सीएनजी ऑटो
* आधार कार्ड

गिरफ्तार आरोपी

* दीपक कुमार (बरूराज थाना क्षेत्र)
* शालू देवी (अहियापुर थाना क्षेत्र)

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD