MUZAFFARPUR : शहर में चल रही सीवरेज परियोजना के तहत अखाड़ाघाट रोड पर सड़क मरम्मत का कार्य किया जाएगा। यह कार्य 10 जनवरी 2026 की रात 9 बजे से 12 जनवरी 2026 की सुबह 7 बजे तक चलेगा। इस दौरान उक्त मार्ग पर यातायात व्यवस्था में अस्थायी परिवर्तन लागू रहेगा।

नगर प्रशासन और स्मार्ट सिटी प्रबंधन द्वारा नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। अखाड़ाघाट पुल से टॉवर चौक की ओर आने वाले छोटे वाहन जर्दा फैक्ट्री, सिकंदरपुर चौक, कर्बला और कंपनी बाग होते हुए टॉवर चौक तक पहुंच सकेंगे। वहीं बालूघर रोड से पंकज मार्केट की ओर केवल छोटे वाहनों के आवागमन की अनुमति दी गई है।

कार्य अवधि के दौरान भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। प्रशासन ने बताया कि सड़क मरम्मत का कार्य पूरा होते ही यातायात व्यवस्था को पूर्ववत कर दिया जाएगा।

प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, अनावश्यक यात्रा से बचें और यातायात पुलिस व कार्य एजेंसियों का सहयोग करें, ताकि सीवरेज परियोजना का कार्य सुरक्षित और समय पर पूरा किया जा सके।

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD