बिहार के सीतामढ़ी जिले में माता जानकी की जन्मस्थली पुनौरा धाम को भव्य स्वरूप देने की प्रक्रिया तेज हो गई है। मंदिर निर्माण की शुरुआत के साथ ही अब अयोध्या की तर्ज पर पूरे सीतामढ़ी शहर की टाउन प्लानिंग पर काम किया जाएगा। इसके लिए पर्यटन विभाग और नगर विकास विभाग संयुक्त रूप से विस्तृत कार्ययोजना तैयार करेंगे।

पर्यटन मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने बताया कि राज्य सरकार धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सीतामढ़ी और आसपास के क्षेत्रों में आधुनिक नागरिक सुविधाओं का विकास करेगी। हाल ही में हुई विभागीय बैठक में पुनौरा धाम विकास योजना की प्रगति की समीक्षा की गई है। इस पहल से उत्तर बिहार में धार्मिक पर्यटन को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

पर्यटन विभाग के अनुसार, पुनौरा धाम विकास योजना एक महत्वाकांक्षी परियोजना है, जिसके तहत माता सीता की जन्मभूमि को अयोध्या की तरह विकसित किया जाएगा। करीब 882.87 करोड़ रुपये की लागत से भव्य जानकी मंदिर का निर्माण, परिक्रमा पथ, सीता वाटिका, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक केंद्र के साथ-साथ थ्री-डी शो, पार्किंग और आवास जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

इस परियोजना में मंदिर के नवीनीकरण पर लगभग 137 करोड़ रुपये खर्च होंगे, जबकि पर्यटन से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर पर करीब 728 करोड़ रुपये की राशि निर्धारित की गई है। मंदिर निर्माण को 42 महीनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
पीपीपी मोड में बनेगा 5 स्टार होटल
सीतामढ़ी में एक 5 स्टार होटल के निर्माण का भी निर्णय लिया गया है, जिसके लिए जल्द ही भूमि चिह्नित की जाएगी। यह परियोजना पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर संचालित होगी। इसके साथ ही यात्री निवास और अन्य शहरी सुविधाओं का भी विकास किया जाएगा।

इन योजनाओं से न केवल पुनौरा धाम को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी, बल्कि स्थानीय व्यापार, रोजगार और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। साथ ही, सीतामढ़ी की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान और अधिक सशक्त होगी।









