घरेलू उपभोक्ताओं को स्वच्छ, सस्ती और सतत ऊर्जा से जोड़ने की दिशा में एक अहम पहल की जा रही है। नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (NBPDCL) की ओर से प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से मुज़फ्फरपुर में “सोलर मेला” का आयोजन किया जा रहा है।

यह सोलर मेला 17 जनवरी 2026 (शनिवार) को NBPDCL मुज़फ्फरपुर सर्कल कार्यालय परिसर (मुक्तिनाथ मंदिर के पीछे) आयोजित होगा। मेला सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगा।

कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी सुब्रत कुमार सेन करेंगे। मेले में नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय (MNRE) के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे, जो प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत मिलने वाले लाभ, केंद्र सरकार की सब्सिडी, तकनीकी पहलुओं और आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी उपभोक्ताओं को देंगे।

PM सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना

प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का उद्देश्य देश के करोड़ों घरेलू उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर सिस्टम से जोड़कर बिजली खर्च से राहत देना और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देना है। यह योजना विशेष रूप से उन उपभोक्ताओं के लिए लाभकारी है, जिनकी मासिक बिजली खपत 250 यूनिट से अधिक है। ऐसे उपभोक्ता सोलर सिस्टम लगाकर बिजली बिल में भारी कटौती कर सकते हैं और कई मामलों में शून्य बिजली बिल का लाभ भी प्राप्त कर सकते हैं।

सोलर मेले में अधिकृत सोलर वेंडरों द्वारा घरेलू ग्रिड कनेक्टेड रूफटॉप सोलर सिस्टम से जुड़ी तकनीकी जानकारी, लागत, इंस्टॉलेशन प्रक्रिया और रख-रखाव के बारे में विस्तार से बताया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न बैंकों और वित्तीय संस्थानों द्वारा उपलब्ध लोन सुविधाओं, आसान किस्तों और वित्तीय सहायता पर भी मार्गदर्शन दिया जाएगा।

कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण यह रहेगा कि पहले से रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाकर जीरो बिजली बिल का लाभ उठा रहे उपभोक्ता मंच पर अपने अनुभव साझा करेंगे, जिससे नए उपभोक्ताओं को प्रेरणा मिलेगी।

मेले में ऑन-द-स्पॉट रजिस्ट्रेशन की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। इच्छुक घरेलू उपभोक्ता मौके पर ही PM सूर्य घर योजना के तहत आवेदन कर सकेंगे। आवश्यक दस्तावेजों और प्रक्रिया की जानकारी भी वहीं दी जाएगी। यह कार्यक्रम पूरी तरह निःशुल्क रहेगा।

कार्यपालक अभियंता, विद्युत ने बताया कि घरेलू ग्रिड कनेक्टेड रूफटॉप सोलर संयंत्रों पर केंद्र सरकार की ओर से आकर्षक सब्सिडी दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि—
• 1 से 2 किलोवाट क्षमता के सोलर संयंत्र पर ₹30,000 प्रति किलोवाट की दर से सब्सिडी
• 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के संयंत्र पर अधिकतम ₹78,000 तक की सब्सिडी का प्रावधान है

इस सब्सिडी से सोलर सिस्टम की कुल लागत में उल्लेखनीय कमी आती है और उपभोक्ता कम समय में अपनी लागत की भरपाई कर लेते हैं। इसके बाद उन्हें वर्षों तक मुफ्त बिजली का लाभ मिलता है।

जिला पदाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने सभी घरेलू उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में सोलर मेले में भाग लें, PM सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना की जानकारी प्राप्त करें और स्वच्छ ऊर्जा को अपनाने की दिशा में कदम बढ़ाएं। यह पहल न केवल बिजली खर्च कम करेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा आत्मनिर्भरता को भी मजबूती देगी।

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD