मुजफ्फरपुर में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने और आम लोगों को सोलर रूफटॉप लगाने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा 23 मार्च को सोलर लोन मेला आयोजित किया जाएगा। यह मेला सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक जिला समाहरणालय (DM ऑफिस) के प्रथम तल स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में लगेगा।

यह आयोजन “पीएम सूर्य घर, मुफ्त बिजली योजना” के तहत किया जा रहा है, जिसमें उपभोक्ताओं को सोलर रूफटॉप लगाने के लिए आसान लोन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। मेले में बैंक, डिस्कॉम और अधिकृत सोलर वेंडर एक ही स्थान पर मौजूद रहेंगे, जिससे लोगों को अलग-अलग जगह जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

हाल ही में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में सामने आया कि जिले में बड़ी संख्या में सोलर लोन आवेदन लंबित या अस्वीकृत हैं। आंकड़ों के अनुसार कुल 1488 आवेदनों में से 602 मामलों में लोन का वितरण हो चुका है, जबकि 129 मामले स्वीकृत होने के बावजूद लंबित हैं और 744 आवेदन अस्वीकृत कर दिए गए हैं।

इन्हीं समस्याओं के समाधान के लिए यह विशेष सोलर लोन मेला आयोजित किया जा रहा है। प्रशासन का लक्ष्य है कि लंबित और अस्वीकृत आवेदनों का मौके पर ही समाधान किया जाए और नए आवेदकों को सरल प्रक्रिया के तहत लोन उपलब्ध कराया जाए।

मेले में भाग लेने वाले उपभोक्ताओं को ऑन-द-स्पॉट लोन स्वीकृति और वितरण की सुविधा भी दी जाएगी, जिसके लिए न्यूनतम दस्तावेजों की आवश्यकता होगी। जिला प्रशासन ने सभी सोलर वेंडरों से अपील की है कि वे सक्रिय रूप से भाग लें और संबंधित उपभोक्ताओं को मेले में लाने में सहयोग करें।

जरूरी दस्तावेज

मेले में आने वाले आवेदकों को अपने साथ आधार कार्ड, बिजली बिल, बैंक पासबुक, संपत्ति कर रसीद, वेंडर कोटेशन और पासपोर्ट साइज फोटो लाना अनिवार्य होगा।

बैंकों की स्थिति

जिले में सबसे ज्यादा आवेदन भारतीय स्टेट बैंक में आए हैं, जहां 763 में से 349 मामलों में लोन का वितरण हो चुका है, जबकि 363 आवेदन अस्वीकृत हुए हैं। पंजाब नेशनल बैंक में 222 आवेदनों में से 113 का वितरण हुआ है। वहीं बैंक ऑफ बड़ौदा, सेंट्रल बैंक और केनरा बैंक में भी बड़ी संख्या में आवेदन लंबित और अस्वीकृत पाए गए हैं।

जिला प्रशासन और डिस्कॉम ने सभी नागरिकों से इस मेले का लाभ उठाने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि सौर ऊर्जा अपनाकर न सिर्फ बिजली बिल को कम या शून्य किया जा सकता है, बल्कि स्वच्छ और सतत ऊर्जा को बढ़ावा भी दिया जा सकता है।

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD