मुजफ्फरपुर जिले के फकुली थाने के मनकौली गांव में गुरुवार को करंट की चपेट में आए बुजुर्ग को बचाने में उनके बेटे और नाती की भी मौत हो गई। मृतकों में चंदेश्वर राय (60) उनका बेटा मिट्ठु कुमार उर्फ मिथुन (25) और नाती विक्की कुमार (22) शामिल हैं। विक्की महुआ इलाके का रहनेवाला था। चंदेश्वर पूर्व पैक्स अध्यक्ष सोनू राय के पिता थे।

जानकारी के अनुसार, शॉर्ट सर्किट से घर का सर्विस तार टूटकर गिर गया था। चंदेश्वर उसे ठीक कर रहे थे, इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गए।

हादसे के बाद परिजन और ग्रामीणों ने तीनों को मुजफ्फरपुर शहर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद घटना से आक्रोशित लोग तीनों शवों को सड़क पर रखकर बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। सूचना पर एसडीपीओ पश्चिमी (02) एसी ज्ञानी और बीडीओ नीरज कुमार रंजन मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकािरियों ने आक्रोशित लोगों को समझाकर शांत कराया। एसडीपीओ ने बताया कि परिजनों ने चंदेश्वर राय और मिट्ठु का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। पुलिस ने विक्की के शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है। उधर ,परिजनों ने शाम में पिता-पुत्र का अंतिम संस्कार कर दिया।











