मुजफ्फरपुर जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एसएसपी कांतेश मिश्रा ने छह थानों में नए थानेदारों की नियुक्ति की है। इनमें दो थानों के पद पहले से रिक्त थे, जबकि चार स्थानों पर वर्तमान थानेदारों का स्थानांतरण कर नई तैनाती की गई है।

कटरा थाना प्रभारी पंकज कुमार को तुर्की स्थानांतरित किया गया है। उनके स्थान पर मोतीपुर में पदस्थापित दारोगा मनीष कुमार (प्रथम) को कटरा थाना की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

बरुराज और ब्रह्मपुरा थानों में कार्यरत अभिषेक कुमार एवं विजय लक्ष्मी का तबादला यातायात थाना की अनुसंधान इकाई में किया गया है। ब्रह्मपुरा थाना की नई कमान अहियापुर में तैनात दारोगा विपिन रंजन को दी गई है। वहीं बरुराज थाना की जिम्मेदारी सदर थाना में पदस्थापित दारोगा कुणाल कुमार कश्यप को सौंपी गई है।

हथौड़ी थाना प्रभारी विक्की कुमार का स्थानांतरण मुख्यालय स्तर पर बिहार एसटीएफ में किया गया है। उनकी जगह मीनापुर में तैनात दारोगा देवेंद्र चौधरी को हथौड़ी थाना का प्रभारी बनाया गया है।

पारू थाना प्रभारी चंदन कुमार को हाल ही में लाइन क्लोज किया गया था। अब अहियापुर में पदस्थापित दारोगा आशुतोष कुमार शुक्ला को पारू थाना की कमान दी गई है।
गौरतलब है कि ब्रह्मपुरा की पूर्व थानेदार विजय लक्ष्मी ने स्वयं आवेदन देकर पद से हटने का अनुरोध किया था।

एसएसपी के इस आदेश को जिले में प्रशासनिक फेरबदल के रूप में देखा जा रहा है, जिसका उद्देश्य थानों में कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाना है।









