PATNA : बिहार में रोजगार और उद्यमिता के नए अवसरों को बढ़ावा देने के लिए लेट्स इंस्पायर बिहार अभियान के अंतर्गत 24 अगस्त 2025 को पटना के रविन्द्र भवन में स्टार्ट-अप समिट 2025 आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन सुबह 10 बजे से शुरू होगा, जिसका उद्घाटन राज्य के उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है कि बिहार में उद्यमिता की एक व्यापक क्रांति लाई जाए, जिससे राज्य के युवाओं को रोजगार के लिए बाहर नहीं जाना पड़े और यहीं अधिकाधिक अवसर सृजित हों।

उद्यमिता सम्मान और विजन 2047

इस समिट में बिहार के ऐसे 21 स्टार्ट-अप्स को “बिहार उद्यमिता सम्मान” दिया जाएगा, जो या तो 100 से अधिक लोगों को रोजगार दे रहे हैं या जिनमें भविष्य में तेजी से विस्तार की संभावनाएं हैं।
इस अवसर पर ड्राफ्ट बिहार विजन 2047 डाक्यूमेंट भी जारी किया जाएगा। इसे अंतिम रूप देकर 21 दिसंबर 2025 को बेंगलुरु में आयोजित होने वाले बिहार @ 2047 विजन कॉन्क्लेव में प्रस्तुत किया जाएगा।

21 स्टार्ट-अप्स को 21 लाख रुपये का फंड

दिल्ली स्थित एंजेल निवेशक अमित कुमार ने घोषणा की है कि चुने गए 21 स्टार्ट-अप्स को कुल 21 लाख रुपये का फंड मिलेगा। यह फंड उन स्टार्ट-अप्स को दिया जाएगा जिनके पास नवाचारपूर्ण आइडिया है और जो उद्यमिता की दिशा में पहले से काम कर रहे हैं।

प्रमुख हस्तियों की उपस्थिति

समिट में देश-विदेश की कई जानी-मानी हस्तियां शामिल होंगी। इनमें शामिल हैं:
• विकास वैभव (मुख्य संरक्षक)
• सर्वेश कुमार (MLC, विशिष्ट अतिथि)
• सैयद शमाएल अहमद (राष्ट्रीय अध्यक्ष, PSACWA)
• विपुल कुमार (उपाध्यक्ष, CtrlS डेटा सेंटर)
• निरेन आनंद (एवर ट्रेड ग्रुप, चीन, हांगकांग और भारत)
• ओपी सिंह (सीईओ, बर्नेट फार्मास्युटिकल्स, अहमदाबाद)
• राहुल कुमार सिंह (मुख्य समन्वयक, LIB)
• डॉ. प्रीति बाला (मुख्य समन्वयक, गार्गी चैप्टर)
• सोनम मिश्रा (उपाध्यक्ष, सुलभ इंटरनेशनल, दिल्ली)
• आलोक कुमार रंजन (निदेशक, शिक्षा समता उद्यमिता फाउंडेशन)
• अनिल कुमार झा (सीईओ एवं सह-संस्थापक, फैब फाइव नेटवर्क प्राइवेट लिमिटेड)
• मोहन कुमार झा (मुख्य समन्वयक, उद्यमिता अध्याय)
• ओपी सिंह (चीफ को-ऑर्डिनेटर, पटना चैप्टर)
• ज्योति झा (TEDx स्पीकर, Authorpreneur)

अभियान की अब तक की उपलब्धियां
• अब तक 2200+ कार्यक्रम बिहार, देश के प्रमुख महानगरों और विदेशों में आयोजित किए जा चुके हैं।
• दिल्ली, मुंबई, दुबई, हैदराबाद, पुणे, वडोदरा और बेंगलुरु जैसे शहरों में बिहार संवाद कार्यक्रम हुए।
• बिहार के 14 जिलों में 27 नि:शुल्क शिक्षा केंद्र चल रहे हैं, जिनमें लगभग 2000 वंचित छात्र पढ़ाई कर रहे हैं। इनमें से 22 केंद्र महिलाओं द्वारा संचालित हैं, जिन्हें गार्गी पाठशाला के नाम से जाना जाता है।
• जीवक अध्याय द्वारा आयोजित 250 से अधिक नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविरों में अब तक 50,000 से अधिक लोग लाभान्वित हुए हैं।
• अभियान से जुड़े लोग लगातार सांस्कृतिक, शैक्षणिक और सामाजिक गतिविधियों का संचालन कर रहे हैं।

बृहत जन संवादों से लोगों तक पहुंचा संदेश

बड़े पैमाने पर संवाद कार्यक्रमों ने अभियान को जन-जन तक पहुंचाया है।
• 10 दिसंबर 2023 को बेगूसराय में आयोजित पहले बृहत जन संवाद में 50,000+ लोग शामिल हुए।
• 21 जनवरी 2024 को आरा में हुए दूसरे संवाद में हजारों लोग शामिल हुए।
• 1 दिसंबर 2024 को सासाराम में तीसरे संवाद में फिर से 50,000+ लोगों की उपस्थिति दर्ज की गई।
• 2024 और 2025 में छपरा और वैशाली में भी विशाल जनभागीदारी देखी गई।

लक्ष्य – 2028 तक हर जिले में 5 सफल स्टार्ट-अप

लेट्स इंस्पायर बिहार अभियान का स्पष्ट लक्ष्य है कि 2028 तक हर जिले में कम से कम 5 सफल स्टार्ट-अप हों, जिनमें से प्रत्येक 100 से अधिक लोगों को रोजगार उपलब्ध कराए।

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD