पटना। चर्चित चंदन मिश्रा हत्याकांड की जांच में पुलिस को अहम सफलता हाथ लगी है। मुख्य आरोपी तौशीफ उर्फ बादशाह समेत चार संदिग्धों को कोलकाता के आनंदपुर स्थित एक गेस्टहाउस से हिरासत में लिया गया है। सभी को पूछताछ के लिए कोलकाता पुलिस मुख्यालय (लालबाजार) ले जाया गया, जहां उनसे गहनता से पूछताछ की जा रही है।

बता दें कि 17 जुलाई को पटना के शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र स्थित पारस हॉस्पिटल में इलाजरत चंदन मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद से ही पुलिस सक्रिय थी और लगातार तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और इनपुट के आधार पर छानबीन कर रही थी।

जांच में यह सामने आया कि हत्या की योजना निशु खान के आवास पर बनाई गई थी, जबकि मुख्य रूप से वारदात को अंजाम तौशीफ ने दिया। पटना पुलिस कोलकाता पुलिस और एसटीएफ की सहायता से तौशीफ सहित अन्य संदिग्धों तक पहुंच सकी। इस ऑपरेशन के दौरान निशु खान और एक अन्य व्यक्ति को भी पकड़ा गया है।

फिलहाल, पुलिस सभी आरोपियों को कानूनी प्रक्रिया के तहत पटना लाने की तैयारी कर रही है। बिहार पुलिस ने इस मामले में कोलकाता पुलिस और एसटीएफ के सहयोग की सराहना की है, जिनकी सहायता से गिरफ्तारी संभव हो सकी।

गौरतलब है कि चंदन मिश्रा एक कुख्यात अपराधी थे और जेल में बंद थे। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें इलाज के लिए पारस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां सुरक्षा में चूक का फायदा उठाकर अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी। पुलिस इस पूरे मामले की तह तक जाने की कोशिश में जुटी है और अन्य संलिप्त लोगों से भी पूछताछ जारी है।









