सोनपुर रेल मंडल के अंतर्गत रामदयालु नगर स्टेशन के समीप मंगलवार को गोरखपुर–पाटलिपुत्र वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 26502) पर पथराव की घटना सामने आई। पत्थर लगने से एसी कोच सी-7 में सीट संख्या 28 और 29 के पास लगी खिड़की का शीशा टूट गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई भी यात्री घायल नहीं हुआ।

घटना के तुरंत बाद स्कॉट पार्टी में तैनात आरपीएफ एएसआई शिवजी ने इसकी सूचना हाजीपुर स्थित आरपीएफ पोस्ट को दी। इसके आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। रेलवे सुरक्षा बल ने घटना की जांच शुरू कर दी है, हालांकि देर रात तक आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी थी।

ट्रेन में सवार पूर्वी चंपारण जिले के रामनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत योगिया निवासी शंभू प्रसाद चौरसिया ने आरपीएफ को बताया कि वह बेतिया से पाटलिपुत्र की यात्रा कर रहे थे। रामदयालु नगर स्टेशन पार करने के बाद जैसे ही ट्रेन हाजीपुर की ओर बढ़ी, दाहिनी ओर से एक बड़ा पत्थर आकर खिड़की के शीशे से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि जोरदार आवाज के साथ शीशा चकनाचूर हो गया, हालांकि किसी यात्री को नुकसान नहीं पहुंचा।


यात्री ने बताया कि ट्रेन की रफ्तार तेज होने के कारण पत्थर फेंकने वाले व्यक्ति को देख पाना संभव नहीं हो सका। मामले में रेलवे अधिनियम की धारा 153 के तहत केस दर्ज किया गया है और जांच की जिम्मेदारी आरपीएफ के दारोगा विपिन कुमार को सौंपी गई है। आरपीएफ ने घटना को गंभीर मानते हुए आसपास के इलाके में जांच और निगरानी बढ़ा दी है।
Input : Hindustan










