पटना। पूर्व आईपीएस अधिकारी शिवदीप वामनराव लांडे ने बुधवार को फेसबुक लाइव के माध्यम से यह घोषणा की कि वे आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरेंगे। उन्होंने कहा कि वे अररिया या जमालपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ सकते हैं।

शिवदीप लांडे अपनी सख्त और जनसंपर्क वाली कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अररिया में एसपी और जमालपुर में एएसपी के पद पर कार्य किया है। बिहार कैडर के 2006 बैच के इस आईपीएस अधिकारी ने सितंबर 2024 में सेवा से इस्तीफा दिया था, जिसके बाद से ही उनके राजनीति में आने की अटकलें तेज थीं।

वहीं, पटना हाईकोर्ट के सीनियर एडवोकेट यदुवंश गिरि ने घोषणा की है कि वे सारण जिले के मांझी विधानसभा क्षेत्र से जनसुराज पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने बताया कि पार्टी उनके नाम की औपचारिक घोषणा गुरुवार को करेगी।

यदुवंश गिरि ने कहा कि पटना हाईकोर्ट और छपरा सिविल कोर्ट के कई वकील उनके चुनाव प्रचार में शामिल होंगे। उन्होंने कहा, “मांझी के लोगों ने लगभग सभी दलों को मौका दिया, लेकिन कोई भी दल उनकी उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा। अब समय है असली बदलाव का।”

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD