MUZAFFARPUR : राज्य सरकार ने आम लोगों की शिकायतों, समस्याओं और सुझावों के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए बड़ी पहल करते हुए “सहयोग हेल्पलाइन नंबर 1100” और “सहयोग पोर्टल” की शुरुआत की है। सरकार की इस नई व्यवस्था का उद्देश्य प्रशासन को अधिक जवाबदेह, पारदर्शी और जनसुलभ बनाना है, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।

इस नई व्यवस्था का शुभारंभ सोमवार को पटना से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण सभी जिलों में किया गया। मुजफ्फरपुर में जिला पदाधिकारी सुब्रत कुमार सेन समेत कई अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े रहे।

घर बैठे दर्ज करा सकेंगे शिकायत
नई व्यवस्था लागू होने के बाद अब आम नागरिक अपनी शिकायतें, समस्याएं और सुझाव सीधे सरकार एवं प्रशासन तक पहुंचा सकेंगे। इसके लिए “सहयोग हेल्पलाइन नंबर 1100” जारी किया गया है, जहां सुबह 8 बजे से शाम 8 बजे तक नि:शुल्क कॉल कर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

इसके अलावा नागरिक “सहयोग पोर्टल” पर ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज कर सकेंगे। पोर्टल के माध्यम से लोग अपनी शिकायत की वर्तमान स्थिति की निगरानी भी स्वयं कर पाएंगे। इससे शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनेगी।
रियल टाइम मॉनिटरिंग सिस्टम से होगी निगरानी
सरकार द्वारा शुरू किया गया सहयोग पोर्टल रियल टाइम मॉनिटरिंग सिस्टम पर आधारित है। शिकायत दर्ज होते ही संबंधित विभाग को कार्रवाई के निर्देश भेजे जाएंगे और तय समय सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।

शिकायतकर्ता को उसके आवेदन की स्थिति की जानकारी भी नियमित रूप से उपलब्ध कराई जाएगी। शिकायतों के त्वरित निष्पादन के लिए जिला स्तर पर “सहयोग सेल” का गठन किया गया है। साथ ही विभागवार नोडल पदाधिकारियों की तैनाती भी की गई है, ताकि शिकायतों की सतत निगरानी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों को मिलेगा लाभ
सरकार का मानना है कि इस नई व्यवस्था से ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के लोगों को काफी राहत मिलेगी। लोग अब बिजली, पानी, सड़क, राशन, पेंशन, भूमि विवाद, सरकारी योजनाओं, सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतें घर बैठे दर्ज करा सकेंगे।

इससे प्रशासनिक प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी और जनता तथा प्रशासन के बीच बेहतर संवाद स्थापित होगा।
अधिकारियों को दिए गए सख्त निर्देश
जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने इस पहल को आम लोगों के हित में महत्वपूर्ण बताते हुए जिला एवं प्रखंड स्तर के अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक की समस्या को संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए निर्धारित समय के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी एवं पश्चिमी को निर्देश दिया है कि वे सहयोग पोर्टल और हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों की प्रखंडवार नियमित समीक्षा करें और लंबित मामलों का जल्द निस्तारण सुनिश्चित करें। वहीं उप विकास आयुक्त को सहयोग शिविर की संपूर्ण व्यवस्था की लगातार निगरानी करने तथा सभी जरूरी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया है।

आम लोगों से पोर्टल इस्तेमाल करने की अपील
जिलाधिकारी ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अपनी समस्याओं एवं शिकायतों के समाधान के लिए सहयोग हेल्पलाइन नंबर 1100 और सहयोग पोर्टल का अधिक से अधिक उपयोग करें।

सरकार की यह नई पहल “सबका सम्मान, जीवन आसान” की अवधारणा को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।







