मुजफ्फरपुर जिले के कुढ़नी प्रखंड के सिलौत वासुदेव गांव के सिद्धांत मिश्रा ने एक बार फिर जिले का नाम रोशन किया है। टाइगर श्रॉफ अभिनीत फिल्म Baaghi 4 में उनका संगीत और आवाज़ दर्शकों को खूब पसंद आ रही है। फिल्म के गाने मरजाना और तेरा ख्याल में सिद्धांत की धुन और आवाज़ का जादू गूंज रहा है। खास तौर पर मरजाना में उन्होंने मशहूर गायक बी प्राक के साथ मिलकर काम किया है। यह गाना इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर तेजी से ट्रेंड कर रहा है।
करीब दो दशक पहले मुंबई का सफर शुरू करने वाले सिद्धांत ने 2005 में फिल्म धमकी से बॉलीवुड में कदम रखा। इसके बाद उन्होंने जीना है तो ठोक डाल, जरा संभल के, प्यार हवस धोखा, मेरठिया गैंगस्टर्स जैसी फिल्मों में संगीत दिया। हालांकि उन्हें असली पहचान 2015 में आई वेलकम बैक से मिली। तब से अब तक वह दो दर्जन से अधिक हिंदी फिल्मों में संगीत दे चुके हैं।

आज सिद्धांत मिश्रा की धुनें देश ही नहीं, बल्कि विदेशों तक सुनी जा रही हैं। Baaghi 4 में उनका योगदान मुजफ्फरपुर के लिए गर्व का क्षण है और यह साबित करता है कि छोटे शहरों से निकलकर भी बड़े सपने पूरे किए जा सकते हैं।
यहाँ सुनिए सिद्धांत मिश्रा का संगीत:
गाना कैसा लगा? कमेंट सेक्शन में ज़रूर बताइए











