मुजफ्फरपुर, 29 मई 2025: मुजफ्फरपुर जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की सतर्कता से दो महिला चोरों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई आज सुबह लगभग 10:10 बजे प्लेटफॉर्म संख्या 02/03 पर की गई, जब एलटीटी समर एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 01044) स्टेशन पर आई थी।

जानकारी के अनुसार, गाड़ी के कोच A/1 में सफर कर रहे यात्रियों ने “चोर-चोर” की आवाज लगाई। मौके पर आरपीएफ निरीक्षक प्रभारी मनीष कुमार के नेतृत्व में तैनात सउनि राजेंद्र कुमार सिंह, प्र.आ. शम्भूनाथ साह, आरक्षी लालबाबू खान व महिला आरक्षी स्वेता लोधी तुरंत पहुंचे और यात्रियों की निशानदेही पर दो महिलाओं को पकड़ा। इनमें से एक महिला की गोद में दूधमुंही बच्ची भी थी।

पूछताछ में महिलाओं की पहचान चुटली देवी (27 वर्ष) और विक्की देवी (30 वर्ष) के रूप में हुई, जो पूर्णिया जिले के कसवा थाना क्षेत्र की निवासी हैं। शिकायतकर्ता यशवंत मनी राय, दरभंगा निवासी, ने बताया कि वह अपनी बुआ पूर्णिमा कुमारी को मुंबई रवाना करने आए थे। चढ़ने के क्रम में उक्त महिलाओं ने धक्का दिया और बाद में उनकी बुआ का पर्स गायब मिला जिसमें ₹8600 नगद, पैन कार्ड, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड और एक पेन ड्राइव था।

आरपीएफ टीम ने महिला बल की मदद से दोनों महिलाओं की विधिवत तलाशी ली। चुटली देवी के पास से पूर्णिमा कुमारी का पर्स और सारे दस्तावेज, नकद राशि और पेन ड्राइव बरामद हुई। वहीं विक्की देवी के पास से दो मोबाइल, ₹7520 नगद और एक सफेद धातु की बिछिया बरामद की गई। पूछताछ में दोनों ने चोरी की बात कबूल की।

आरपीएफ ने 11:30 बजे तलाशी सह जप्ती ज्ञापन बनाकर दोनों महिलाओं को गिरफ्तार किया और बरामद सामान के साथ जीआरपी मुजफ्फरपुर को सुपुर्द कर दिया। जीआरपी ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है और पीड़ित को उसका सामान लौटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बरामद संपत्ति की अनुमानित कीमत ₹85,000 बताई गई है।
रेलवे प्रशासन ने आरपीएफ की तत्परता की सराहना की है और यात्रियों से सतर्क रहने की अपील की है।









