मुजफ्फरपुर में सोमवार सुबह वंदे भारत एक्सप्रेस पर फिर से पथराव की घटना सामने आई। यह घटना माड़ीपुर यार्ड के आगे उस समय हुई, जब गोरखपुर से पाटलिपुत्र जा रही वंदे भारत ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर 7 से नियत समय सुबह 10:55 बजे रवाना हुई थी।

जैसे ही ट्रेन माड़ीपुर और बीबी गंज गुमटी के बीच पहुंची, झाड़ियों से अचानक एक अधेड़ व्यक्ति हाथ में पत्थर लेकर निकला और सी-टू कोच की खिड़कियों पर पथराव कर दिया। इससे कोच में 43 और 44 नंबर सीटों के पास की खिड़की का शीशा टूट गया। इसकी मरम्मत हाजीपुर स्टेशन पर की गई।

ट्रेन की सुरक्षा में तैनात आरपीएफ जवान एलबी खान और दीपक कुमार ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पत्थरबाज का पीछा किया और करीब 200 मीटर आगे जाकर उसे पकड़ लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपित ने जवानों से झड़प की और पत्थर से हमला करने की भी कोशिश की। पूछताछ में उसकी पहचान सुरेश सहनी के रूप में हुई, जो कुढ़नी थाना क्षेत्र के गौरैयाडीह गांव का निवासी है और वर्तमान में बीबी गंज में रहता है। वह उस वक्त नशे में था।

प्रारंभिक पूछताछ में सुरेश ने बताया कि वह यात्रियों से मोबाइल छीनने की फिराक में माड़ीपुर यार्ड में छिपा था। आरपीएफ की मौजूदगी देखकर उसने ट्रेन पर पथराव शुरू कर दिया और भागने की कोशिश की।
आरपीएफ इंस्पेक्टर मनीष कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ रेल अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे सोनपुर रेल कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। सुरेश पूर्व में चोरी के एक मामले में जेल जा चुका है।

बताया जा रहा है कि यह गोरखपुर-पाटलिपुत्र वंदे भारत (ट्रेन संख्या 26502) पर तीसरी बार पत्थरबाजी की घटना है। इससे पहले दो बार मोतीपुर-मेसही रेल सेक्शन में भी इस ट्रेन पर पथराव हो चुका है।
Input : Hindustan









