सीतामढ़ी के पुनौराधाम में अयोध्या के राम मंदिर की तर्ज पर माता जानकी मंदिर का निर्माण कार्य शुक्रवार को विधिवत रूप से शुरू होगा। मंदिर की आधारशिला केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पूजन और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच रखेंगे। समारोह को ऐतिहासिक और भव्य रूप देने के लिए देशभर से धार्मिक प्रतीकों और सामग्री को मंगवाया गया है।

जयपुर से मंगवाए गए चांदी के कलश, देश के 21 तीर्थ स्थलों की मिट्टी और 31 नदियों के पवित्र जल से शिलान्यास का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा बालाजी मंदिर तिरुपति की तर्ज पर 50 हजार लड्डू तैयार किए जा रहे हैं, जिनके लिए दक्षिण भारत से विशेष कारीगर बुलाए गए हैं। लड्डू निर्माण से पूर्व गंगा समेत 11 पवित्र नदियों के जल से संकल्प स्नान किया जाएगा।

मंदिर निर्माण के लिए 67 एकड़ भूमि चिन्हित की गई है। मंदिर की ऊंचाई 151 फीट होगी और इसे वर्ष 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। कुल अनुमानित खर्च 882.87 करोड़ रुपये बताया गया है। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए यज्ञ मंडप, संग्रहालय, ऑडीटोरियम, धर्मशाला, बच्चों के लिए खेल क्षेत्र, भजन संध्या स्थल, पार्किंग, ई-कार्ट स्टेशन, मिथिला हाट समेत कई सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत राज्य और केंद्र सरकार के कई मंत्री तथा बड़ी संख्या में संत-महात्मा और श्रद्धालु भाग लेंगे। पर्यटन विभाग इस आयोजन और निर्माण कार्य को लेकर युद्धस्तर पर तैयारियों में जुटा है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने जानकारी दी कि केंद्रीय गृह मंत्री 8 अगस्त को दिल्ली से दरभंगा एयरपोर्ट पहुंचेंगे और पुनौराधाम में शिलान्यास समारोह में भाग लेने के बाद वापस दिल्ली लौटेंगे।

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD