दरभंगा जिले के बहेड़ी थानाक्षेत्र के हाबीडीह गांव स्थित अति प्राचीन लक्ष्मीनारायण मंदिर से अज्ञात चोरों ने रविवार की देर रात गणेश भगवान की प्रतिमा चोरी कर ली। घटना के बाद इलाके के लोगों में सनसनी है।

बदमाश कौन थे, कहां से आए थे इसको लेकर लोगों में अटकलें तेज हैं। बताया गया है कि लक्ष्मी नारायण मंदिर के पुजारी स्थानीय ग्रामीण घनश्याम झा ने भगवान की आरती के बाद भोग लगाया। इसके बाद मंदिर का पट बंद कर घर सोने के लिए चले गए।

सोमवार की सुबह जब लोग मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे तो गणेश भगवान की प्रतिमा गायब देख परेशान हो गए। घटना की सूचना थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक को दी गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। समाचार प्रेषण तक घटना के सुराग नहीं मिल सके थे। स्थानीय लोगों ने बताया इस इलाके में खुदाई के दौरान उक्त प्रतिमा मिली थी। जिसे मंदिर में लाकर रखा गया था। लोग पूजा करते थे।

दरभंगा स्थित महाराजा लक्ष्मीश्वर सिंह संग्रहालय के अध्यक्ष डॉ. शिवकुमार मिश्र ने बताया कि उक्त प्रतिमा ऐतिहासिक थी। प्रतिमा करीब सात सौ साल पुरानी थी। बताया कि पिछले दो सालों में दरभंगा अनुमंडल से तीसरी गणेश की मूर्ति चोरी हुई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इन प्रतिमाओं की मुंहमांगी कीमत मिलती है।

Input: Dainik Jagaran

rama-hardware-muzaffarpur

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD