आरा. बिहार में मतगणना (Counting) की तैयारी पूरी कर ली गई है. इस बीच आरा में संदिग्ध बक्से को लेकर अफरा-तफरी मच गई. जानकारी के मुताबिक, महागठबंधन के नेताओं ने बैलेट बॉक्स (Ballot Box) से भरे पिकअप वैन को पकड़ा है जिसके बाद मौके पर हंगामा हो गया. बाजार समिति मतगणना केंद्र और कतीरा मोड़ पर संदिग्ध बक्से को लेकर हंगामा मचने की सूचना है. राजद, भाकपा-माले सहित महागठबंधन दल के नेता मौके पर मौजूद हैं.

जिलाधिकारी ने न्यूज- 18 से खास बातचीत में स्पष्ट किया है कि पिकअप वैन पर बाहर काम करने वाले वोटर्स के वोट से भरे बॉक्स लदे हुए हैं, जिन्हें विभिन्न प्रखंडों या अनुमंडल से ट्रेजरी लाया जा रहा है.’

बिहार में मंगलवार को मतगणना होना है. (सांकेतिक तस्वीर)

बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Election 2020) के बाद मतों की गिनती का काम कल यानी मंगलवार को होना है. मंगलवार की सुबह से ही बिहार चुनाव को लेकर मतों की गणना का काम शुरू हो जाएगा, इसके लिए विभिन्न जिला मुख्यालय में अलग-अलग तरीके से तैयारियां की गई हैं. कोरोना महामारी (Corona Pandemic) के बीच हुए विधानसभा चुनाव के बाद मतों की गणना में भी कोविड-19 के प्रोटोकॉल का पालन किया जाएगा, ऐसे में इस बार चुनाव परिणाम आने में देर हो सकती है.

बिहार की 243 सीटों के लिए मतों की गिनती का काम मंगलवार की सुबह से ही शुरू होगा. निर्वाचन आयोग की तरफ से इसको लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. चुनाव के बाद ईवीएम को जहां सीसीटीवी की निगरानी में रखा गया था तो वहीं मतों की गिनती का काम भी सुरक्षा के कई घेरों में होगा.

मतगणना को लेकर राजनीतिक पार्टियां दिन रात अपनी नज़र स्ट्रोंग रूम पर बनाए हुए है. पटना के एएन कॉलेज में दिन रात राजनीतिक पार्टियों के एजेंट अपनी नज़र बनाए हुए है. एजेंटों के लिये एक वेटिंग रूम बनाया गया है जहां स्ट्रांग रूम के अंदर की सीसीटीवी फ़ुटेज का लाइव टेलीकास्ट किया जा रहा है और इसके लिए वेटिंग रूम में कई स्क्रीन लगाए गए हैं.

Source : News18

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD