बिहार विधानसभा चुनाव में लोक जनशक्ति पार्टी ने थर्ड जेंडर प्रत्याशी उतारकर सबको चौंका दिया है. पार्टी ने दूसरे चरण की सीटों के लिए 53 प्रत्याशियों की जो लिस्ट जारी की है, उसमें हथुआ सीट पर राम दर्शन प्रसाद उर्फ मुन्ना किन्नर को टिकट दिया गया है. अब ये देखना दिलचस्प होगा कि इस बार के चुनाव में क्या कोई अन्य पार्टी किसी और थर्ड जेंडर को अपना प्रत्याशी बनाने का साहस दिखाती है.
दाखिल किया नामांकन
एलजेपी पहले चरण की सीटों के लिए पहले ही 95 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है. दूसरे चरण के लिए चल रहे नामांकन में शुक्रवार को मुन्ना किन्नर ने अपना नामांकन दाखिल कर दिया है. राम दर्शन उर्फ मुन्ना गोपालगंज जिले के सेलारकला गांव के निवासी हैं. वह पहले से राजनीति में सक्रिय रहे हैं.
मौजूदा समय में जिला पार्षद
मुन्ना किन्नर वर्तमान समय में हथुआ के जिला पार्षद हैं. इससे पहले वह 2007 में वे जिला पार्षद का चुनाव लड़ चुके हैं मगर इस चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था. इसके बाद 2012 में उन्होंने फुलवरिया से और 2015 में हथुआ से पार्षद का चुनाव जीता. मुन्ना की गिनती जुझारू नेताओं में होती है जो स्थानीय समस्याओं को लेकर हमेशा से मुखर रहे हैं.
सवर्णों और दलितों की भरमार
एलजेपी दूसरे चरण के लिए प्रत्याशियों के चयन में एक बार फिर सवर्णों और दलितों पर मेहरबान दिख रही है. लिस्ट में भूमिहारों और मैथिल ब्राह्मणों के साथ कई दलितों को टिकट दिया गया है. इसके अलावा महिला उम्मीदवारों की भी अच्छी संख्या है. अब पार्टी ने हथुआ सीट पर थर्ड जेंडर को उतार कर बाजी मार ली है.
Input: Aaj Tak






