रविवार की शाम में हुई बैठक के बाद भाजपा ने आज सुबह एक बार फिर बैठक बुलाई है, जिसके बाद उम्मीदवारों की घोषणा होने की संभावना है। आज एक बार फिर से बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर बिहार बीजेपी के नेताओं की बैठक होगी।

बैठक आज सुबह 9 बजे से होने की संभावना है, और बैठक के बाद भारतीय जनता पार्टी की ओर से आज यानि सोमवार को 65 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की जा सकती है, जिसकी तैयारी पार्टी ने लगभग पूरी कर ली है। बीजेपी की इस बैठक में बिहार विधानसभा चुनावों के पहले और दूसरे चरण के उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा की गई है।
रविवार को दिल्ली स्थित भारतीय जनता पार्टी मुख्यालय पर राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की अध्यक्षता में केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, गृहमंत्री अमित शाह, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री थावरचंद गहलोत, बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव, बिहार के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल, शाहनवाज हुसैन और राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष प्रमुख रूप से मौजूद रहे।’





