पटनाः कोरोना महामारी में जाप सुप्रीमो पप्पू यादव सेवा धर्म करने के साथ-साथ सरकार की व्यवस्था की पोल भी खोल रहे हैं. कभी अस्पताल पहुंच जाते हैं तो कभी किसी जिले में औचक निरीक्षण करने पहुंच जाते हैं. शुक्रवार को पप्पू यादव छपरा पहुंचे. यहां भी कई ऐसी चीजें दिखीं जिसकी उन्होंने बखिया उधेड़ दी.

दरअसल, छपरा पहुंचने के बाद बीजेपी के पूर्व केंद्रीय मंत्री व राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव प्रताप रूडी के अमनौर स्थित कार्यालय परिसर में दर्जनों एंबुलेंस खड़ी थी. इसको देखकर पप्पू यादव ने कहा कि अभी जिस तरह का माहौल है ऐसे में एंबुलेंस की जरूरत है लेकिन यहां ऐसे ही रखी गई है. इसके बाद उन्होंने ट्वीट कर दिया.

पप्पू यादव ने लिखा “ बीजेपी के पूर्व केंद्रीय मंत्री राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव प्रताप रूडी जी के अमनौर स्थित कार्यालय परिसर में दर्जनों एंबुलेंस बरामद! सांसद विकास निधि से खरीदा गया एंबुलेंस किसके निर्देश पर यहां छिपाकर रखा गया है, इसकी जांच हो. सारण डीएम, सिविल सर्जन यह बताएं! बीजेपी जवाब दे!”

Source : ABP News

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD