कल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बिहार को एकबार फिर सौगात देने वाले है. नगर विकास के सात परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे. इस मौके पर राज्यपाल फागू चौहान, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, केंद्रीय कानून मंत्री सह पटना साहिब सांसद रविशंकर प्रसाद और केंद्रीय शहरी विकास मंत्री हरदीप पुरी उपस्थिति रहेंगे.

जिन परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया जायेगा उसमें चार परियोजनाएं जल आपूर्ति से संबंधित हैं वहीं दो परियोजनाएं सीवरेज ट्रीटमेंट के लिए तथा एक परियोजना रिवर फ्रंट डेवलपमेंट से संबद्ध है. इन सभी परियोजनाओं की लागत 543.28 करोड़ रुपये है. सभी परियोजनाओं का क्रियान्वयन नगर विकास एवं आवास विभाग, बिहार के द्वारा किया जा रहा है.
पटना नगर निगम क्षेत्रान्तर्गत बेऊर में नमामि गंगे योजना अंतर्गत बनाए गए सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का उद्घाटन किया जाएगा. पटना नगर निगम क्षेत्र में ही करमलीचक में नमामि गंगे योजना के अंतर्गत बनाए गए सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का उद्घाटन किया जाएगा.

सीवान नगर परिषद मे और छपरा नगर निगम के क्षेत्र में AMRUT योजना के अंतर्गत जलापूर्ति योजनाओं का लोकार्पण होगा. इन दोनों योजनाओं के तहत स्थानीय नागरिकों को चौबीसों घंटे पीने का शुद्ध जल मिलेगा.
मुंगेर नगर निगम में AMRUT योजना के अंतर्गत ‘मुंगेर जलापूर्ति योजना’ का भी शिलान्यास किया जाएगा. योजना के पूर्ण होने से नगर निगम क्षेत्र के निवासियों को पाइपलाइन के माध्यम से शुद्ध जल उपलब्ध होगा. साथ ही नगर परिषद जमालपुर में भी AMRUT योजना के तहत जमालपुर जलापूर्ति योजना का शिलान्यास किया जाएगा.
नमामि गंगे योजना के अंतर्गत मुजफ्फरपुर रिवर फ्रंट डेवलपमेंट योजना का शिलान्यास किया जाएगा, जिसके अंतर्गत मुजफ्फरपुर शहर के तीन घाटों (पूर्वी अखाड़ा घाट, सीढ़ी घाट, चन्दवारा घाट) का विकास किया जाएगा. रिवर फ्रंट पर कई प्रकार की मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जैसेः शौचालय, इनफॉर्मेशन कियोस्क, चेंजिंग रूम, पाथवे, वाच टावर इत्यादि. उक्त घाटों पर आकर्षक साईनेज, सुरक्षा व्यवस्था एवं पर्याप्त रोशनी भी उपलब्ध होगी. रिवर फ्रंट का निर्माण हो जाने से घाटों का मनोरम दृश्य के साथ ही पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा, जो मुजफ्फरपुरवासियों के लिए भविष्य में आकर्षण का केंद्र साबित होगा.
Source : Live Cities






