देश में जहां कोरोना का कहर लगातार जारी है वहीं इसे लेकर सियासत भी चरम पर है। ताजा वाकया इंदौर का है जहां गुजरात से एक टैंकर शनिवार रात को 30 टन ऑक्सीजन के साथ पहुंचा लेकिन अस्पताल में पहुंचाने की जगह भाजपा नेताओं ने इस टैंकर के साथ फोटो खिंचवाने के लिए होड़ लगा दी। टैंकर को दो जगह पर दो घंटे तक फोटो सेशन के लिए रोका गया। पहले भाजपा के नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे ने चंदन नगर में टैंकर का स्वागत किया, इसके बाद इंदौर सांसद शंकर ललवानी और विधायक आकाश विजयवर्गीय ने टैंकर की पूजा करवाई और फोटो सेशन कराया।

कैलाश विजयवर्गीय के बेटे आकाश विजयवर्गीय ने बाद में इसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर भी साझा की और लिखा कि कैलाश विजयवर्गीय जी के प्रयासों से रिलायंस के जामनगर प्लांट से ऑक्सीजन का टैंकर इंदौर पहुंचा। शहर में ऑक्सीजन की किल्लत होगी खत्म, कल से नियमित रूप से ऑक्सीजन के टैंकर आने लगेंगे।

कांग्रेस ने लगाया राजनीति करने का आरोप
प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि सत्तारूढ़ दल के नेताओं ने मीडिया कवरेज की भूख के चलते टैंकर को ऐसी नाजुक घड़ी में शहर के दो स्थानों पर देर तक रोके रखा, जब शहर के अस्पतालों में भर्ती महामारी के गंभीर मरीज मेडिकल ऑक्सीजन का इंतजार कर रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता नीलाभ शुक्ला ने रविवार को कहा कि जामनगर से ऑक्सीजन लेकर शनिवार रात इंदौर पहुंचे टैंकर को यहां चंदन नगर चौराहे पर लगभग एक घंटे तक रोका गया, ताकि सिलावट और अन्य भाजपा नेता पूजा-पाठ के बहाने मीडिया कवरेज की अपनी भूख मिटा सकें।
Input: Amar Ujala





