बिहार में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच इसकी जांच की रिपोर्ट को लेकर भी लोग परेशान हैं। सरकार की ओर से अधिकृत लैब या अस्पताल के माध्यम से कराए गए एंटीजन टेस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव और आरटीपीसीआर की रिपोर्ट निगेटिव आ रही है। कोरोना से संक्रमित होने के लक्षणों के बावजूद मरीज का सही तरीके से इलाज नहीं हो पा रहा है और वे होम आइसोलेशन में रहने के लिए मजबूर हैं। इसके कई बार मरीजों की हालत भी बिगड़ जा रही है।

समस्तीपुर के दो मरीज जांच रिपोर्टों से उलझन में पड़े
समस्तीपुर में दो मामले में सामने आए। एक ही समय में लिए गए सैम्पल में एंटीजन टेस्ट में पॉजिटिव रिपोर्ट बताई जा रही है जबकि पटना एम्स से कराई गई सैम्पल की आरटीपीसीआर जांच में रिपोर्ट निगेटिव बताई गई है। समस्तीपुर के मगर्दहि निवासी अभिजीत पांडेय (उम्र 58 वर्ष) ने अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, कोरबा में 15 अप्रैल को कोरोना की जांच के लिए सैम्पल दिए। उस सैम्पल की एंटीजन टेस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव बताई गयी और उसका मैसेज भी आया। जबकि उस सैम्पल को जब पटना एम्स में आरटीपीसीआर जांच के लिए भेजा गया तो उसकी रिपोर्ट निगेटिव बताई गई और उसका भी मैसेज भेज दिया गया।

इसी प्रकार समस्तीपुर के युवक आदित्य राज के साथ भी हुआ है। आदित्य राज की एंटीजन रिपोर्ट में पॉजिटिव और आरटीपीसीआर जो कि पटना एम्स से ही किया गया है, उसमें निगेटिव बताई गई है। ये दोनों आरटीपीसीआर जांच 19 अप्रैल को की गई है। दोनों मरीजों को सही जांच रिपोर्ट नहीं मिलने से सही इलाज नहीं हो पा रहा है और वे होम आइसोलेशन में रहकर अपना इलाज करा रहे हैं।
समय पर रिपोर्ट नहीं मिलने से मरीज हो रहे हलकान
राज्य में पटना सहित विभिन्न जिलों में कोरोना संक्रमितों की जांच रिपोर्ट समय पर नही मिलने से सर्दी, खांसी और बुखार सहित कोरोना के विभिन्न लक्षणों वाले मरीजों का हाल बेहाल है। पटना के र्बोंरग रोड, पाटलिपुत्र, कंकड़बाग, गर्दनीबाग और सरिस्ताबाद में दर्जनों ऐसे मरीज हैं, जिनकी स्थिति लगातार खराब होती जा रही है, लेकिन कोरोना जांच रिपोर्ट नहीं मिलने से अंदाज से एंटीबायोटिक और अन्य दवा और परहेज कर खुद का इलाज कर रहे हैं।
कम्प्यूटर युक्त आवाज से पूछा जाता है हाल
एक संक्रमित मरीज ने बताया के जिला कंट्रोल रूम से कम्प्यूटर युक्त आवाज में मरीज का हाल पूछा जाता है। सारी समस्याएं बताने पर, बटन एक, दो , तीन दबाने के बावजूद डॉक्टर से बात नहीं करायी जाती है।
किसी व्यक्ति की कोरोना जांच रिपोर्ट एंटीजन में पॉजिटिव और आरटीपीसीआर में निगेटिव…. ऐसा नहीं आनी चाहिए, फिर भी इसकी जांच कराई जाएगी।
– मनोज कुमार, कार्यपालक निदेशक, राज्य स्वास्थ्य समिति, बिहार
Input: Live Hindustan






