देश में कोरोना संक्रमण की स्थिति को देखते हुए चुनाव आयोग ने 3 लोकसभा सीट और 8 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव स्थगित कर दिया है. ये उपचुनाव दादरा एवं नगर हवेली, मध्य प्रदेश की खंडवा और हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीटों पर होने थे. इसके साथ ही विभिन्न राज्यों की 8 विधानसभा सीटों पर भी होने वाले उपचुनाव को भी चुनाव आयोग ने स्थगित कर दिया है.

बता दें भाजपा सांसद नंदकुमार सिंह चौहान के निधन के बाद से खंडवा लोकसभा सीट खाली पड़ी है वहीं हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट पिछले माह हुए सांसद रामस्वरूप शर्मा के निधन के बाद सीट खाली हो गई थी. वहीं दादरा एवं नगर हवेली के सांसद मोहन डेलकर का फरवरी में निधन हो गया था. जिसके बाद से यह सीट खाली हो गई थी. खंडवा सीट पर साल 1980 से यानी 41 साल बाद इस सीट पर एक बार फिर उपचुनाव की स्थिति बनी है.

इससे पहले 3 मई को निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल में समसेरगंज और जंगीपुर विधानसभा सीट पर 16 मई को होने वाले चुनाव राज्य में कोविड-19 के बढ़ते मामलों के मद्देनजर टाल दिया था. दो उम्मीदवारों के निधन के कारण इन सीटों पर वोटिंग नहीं हो सकी थी. इससे पहले देशभर में कोविड-19 महामारी के कहर के बीच, 17 अप्रैल को आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में दो लोकसभा सीटों तथा 10 राज्यों की 12 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के तहत शनिवार को मतदान हुए थे. इसके नतीजे 2 मई को जारी किए गए थे.
Source : News18






