कोरोना संक्रमण के फैलते दायरे के बीच बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Assembly Elections) करवाए जाने को लेकर सूबे की सियासत गर्म है. इसे लेकर जहां आरजेडी-कांग्रेस (RJD-Congress) जैसी विरोधी पार्टियों के अलावा एनडीए की सहयोगी पार्टी एलजेपी (LJP) चुनाव टालना चाहती है और पूरा विपक्ष नीतीश सरकार (Nitish Government) पर हमलावर है, वहीं जेडीयू (JDU) के ताजा रुख ने साफ कर दिया है कि वह समय पर ही विधानसभा चुनाव चाहती है. जेडीयू के प्रधान महासचिव केसी त्यागी (KC Tyagi) ने  बिहार में तय वक्त पर ही चुनाव कराने का समर्थन किया है.

केसी त्यागी की दो टूक

के सी त्यागी ने कहा, कोरोना समूचे विश्व की समस्या है इसके बावजूद लोकतांत्रिक प्रक्रिया का चलन जारी है. जब अमेरिका में चुनाव प्रक्रिया जारी है. पोलैंड और श्रीलंका समेत कई देशों में चुनावी प्रक्रिया जारी है तो फिर बिहार में चुनाव क्यों नहीं हो सकता?  उन्होंने कहा कि यह तर्क उनलोगों का है जो चुनाव से डरे और घबराए हुए हैं और कोरोना का बहाना बनाकर चुनाव को स्थगित कराना चाहते हैं.

सियासी गलियारों में कोरोना

गौरतलब है कि बिहार में कोरोना (Corona) के तेज प्रसार से जहां हर रोज आम लोग संक्रमित हो रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ नेता भी इसकी चपेट में आ रहे हैं. अब तक लगभग हर पार्टी के नेता संक्रमित निकले हैं. बावजूद इसके होने वाले विधानसभा चुनाव (Assembly Election) को लेकर सरगर्मी तेज है.

बीजेपी नेताओं में कोरोना संक्रमण

बता दं कि मंगलवार को बिहार बीजेपी (BJP) के 75 नेताओं के कोरोना पॉजिटिव पाये जाने पर पटना के सियासी गलियारों में हंगामा मच गया. इनमें कई बड़े चेहरे भी शामिल हैं. संगठन महामंत्री से लेकर प्रदेश उपाध्यक्ष तक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है. बीजेपी के बिहार अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल का परिवार भी कोरोना पॉजिटिव हो गया है.

सभी दलों में कोरोना की घुसपैठ

इससे पहले आरजेडी नेता रघुवंश प्रसाद सिंह के साथ-साथ जेडीयू के गुलाम गौस, बीजेपी नेता व मंत्री विनोद सिंह, विधान परिषद के कार्यकारी सभापति अवधेश नारायण सिंह का पूरा परिवार पॉजिटिव पाये गये. पिछले दिनों मुख्यमंत्री आवास और डिप्टी सीएम सुशील मोदी की सुरक्षा में तैनात गार्ड भी संक्रमित पाये गये थे.

तेजस्वी नहीं चाहते कोरोना में चुनाव

जाहिर है कोरोना संक्रमण के बीच भी ये नेता लगातार चुनावी तैयारियों में लगे हुए हैं. लगातार वर्चुअल मीटिंग की तैयारियां चल रही हैं. हालांकि आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा है कि ऐसे हालात में चुनाव संभव नहीं है. इसलिए इसे टाला जाना चाहिए. कांग्रेस नेता प्रेमचन्द्र मिश्रा और एलजेपी के अध्यक्ष चिराग पासवान ने भी चुनाव टालने की मांग की है.

Input : News 18

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD