पर्व-त्योहार संपन्न होने के बाद पूरे शहर में कचरा पसरा है। तीन दिनों से सफाई नहीं होने के कारण नारकीय हालत बनी हुई है। वैसे सफाई की हालत दिवाली के पहले से बिगड़ी हुई है। निगम ने सफाई कराने की कोशिश की, लेकिन गंदगी बीच ही दिवाली गुजरी। छठ में भी स्थिति नहीं बदली। निगम की सारी ताकत अंतिम वक्त में घाटों को बनाने में लगने के कारण गली-मोहल्लों व सड़कों की सफाई आधी-अधूरी ही रही।

वैसे छठ के दो दिन गुजर जाने के बाद शहर में सफाई और कूड़ा का उठाव सोमवार से पूरी तरह होने पर संशय है। पर्व संपन्न होने के अगले दिन रविवार के कारण कूड़ा उठाव तो दूर, शहर में कहीं भी झाड़ू तक नहीं लगा। निगम सूत्रों की मानें तो चुनाव से दीपावली व छठ में व्यस्त रहे कर्मचारी से अधिकारी अभी आराम फरमा रहे हैं। इस कारण दो दिन और सफाई में देरी हो सकती है। वैसे नगर आयुक्त विवेक रंजन मैत्रेय ने सिटीजंस फीडबैक बिगड़ने की संभावना को लेकर दिन के साथ रात्रि में भी विशेष सफाई अभियान शुरू करने की घोषणा की थी, लेकिन फैसले पर पूरी तरह से अमल नहीं हो सका है।

निगम ने चुनाव से लेकर दीपावली व छठ में युद्धस्तर पर सफाई की है। दो दिनों से छुट्टी के कारण शहर में फैली गंदगी से इनकार नहीं किया जा सकता है। वैसे सफाई कर्मियों ने छठ के दिन भी दोपहर तक काम किया था। संभव है कि कुछ कर्मचारी सोमवार को नहीं ड्यूटी पर नहीं लौटे, लेकिन कोशिश रहेगी कि कूड़ा उठाव जल्द कराया जाए।

-विशाल आनंद, अपर नगर आयुक्त

Input: Live Hindustan

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD