गुप्तेश्वर पांडे ने भारतीय पुलिस सेवा से वीआरएस लेने के एक दिन बाद फेसबुक लाइव में अपनी बात रखी। बुधवार की शाम लाइव में उन्होंने अपने शुरुआती जीवन और एसपी के तौर पर पोस्टिंग के दिनों की बातें बताई। इस दौरान उन्होंने उन लोगों पर जमकर हमला बोला, जो उनके वीआरएस लेने के फैसले को राजनीति से जोड़ रहे हैं। फेसबुक लाइव के दौरान पांडे ने एक पुरानी घटना का जिक्र किया और बताया कि मैंने 8 साल पहले एक महादलित की बेटी का कन्यादान किया था। मेरे घर में मंडप लगा था।

https://www.facebook.com/IPSGupteshwar/videos/3414616511986821

 

बिहार के पूर्व डीजीपी ने इस घटना का जिक्र करते हुए पूछा क्या मैं उस समय चुनाव लड़ने के लिए यह काम किया था? गुप्तेश्वर पांडे ने कहा कि बक्सर जिले में मेरे गांव के पास के ही रामनाथ राम की बेटी का मैंने और मेरी पत्नी ने कन्यादान किया था। यह घटना 8 साल पहले की है। पांडे ने कहा, ‘मैं ब्राह्मण हूं लेकिन मैंने और मेरी पत्नी ने अपने घर में मंडप लगाया और रामनाथ राम की बेटी का कन्यादान किया। इस घटना की जानकारी के बारे में कोई भी पता लगा सकता है।’

गुप्तेश्वर पांडे ने एक और घटना का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि एक वक्त में काफी लंबे समय तक एक दलित लड़के ने मुझे खाना बना कर खिलाया। बाद में उसे नौकरी मिल गई तो वह चला गया। मैं किसी जाति-धर्म में विश्वास करने वाला आदमी नहीं हूं।

उन्होंने कहा कि लोग चर्चा कर रहे हैं कि राजनीति में आने के लिए वीआरएस लिया है। आपलोग एक बात बताइए कि अगर मैं राजनीति में आता हूं तो क्या ये गलत होगा, असंवैधानिक होगा या ये अपराध है? गुप्तेश्वर पांडे ने कहा कि मैंने अभी तक राजनीति में आने का फैसला नहीं किया है और न ही किसी पार्टी में शामिल हुआ हूं। अगर आगे मैं ऐसा निर्णय लूंगा तो जरूर बताऊंगा।

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD