पटना: बिहार के उपमुख्यमंत्री एवं बीजेपी के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री उज्‍जवला योजना के तहत बिहार की 85 लाख गरीब महिलाओं के खाते में 14.2 किलो वाले गैस सिलेंडर के लिए प्रति लाभार्थी 830 रुपये भेज दिए गए हैं. लेकिन अब तक इनमें से मात्र 31.10 लाख लोगों ने ही सिलेंडर बुक कराया है.

सुशील मोदी ने स्पष्ट कहा कि पहला सिलेंडर नहीं लेने वाले लाभार्थी दूसरी व तीसरी किस्त की राशि 1660 रुपये से वंचित हो जाएंगे. उन्होंने होम डिलीवरी के प्रावधान के बावजूद एजेंसी पर भीड़ लगाने वाले वितरकों को चेतावनी दी.

सुशील मोदी ने अपील करते हुए कहा, “उज्‍जवला लाभार्थी महिलाएं अपने खातों से राशि की निकासी कर मोबाइल से सिलेंडर बुक कराएं. जिन उपभोक्ताओं को पंजीत मोबाइल नंबर या बैंक खातों में किसी प्रकार का बदलाव कराना है वे अपने वितरक को आवेदन देकर अपेक्षित सुधार करवा सकते हैं.”

सुशील मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से प्रति महीने 5 किलोग्राम के तीन सिलेंडर के लिए 310-310 रुपये व 14.2 किलोग्राम के एक सिलेंडर के लिए 830 रुपये दिया जा रहा है. कोरोना संकट के दौरान केंद्र सरकार ने देश भर के उज्‍जवला लाभार्थियों को तीन महीने तक तीन मुफ्त गैस सिलेंडर देने के लिए 13 हजार करोड़ का प्रावधान किया है.

Input : IANS

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD