मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) ने विगत 12 अक्टूबर से आधिकारिक रूप से बिहार विधानसभा चुनाव के लिए कैंपेन शुरू कर दिया. लेकिन, अपने पहले ही संबोधन में जिस तरह से उन्होंने बिहार के विकास को लेकर अपनी लाचारगी दिखाई इससे विरोधियों को हमला करने का मौका मिल गया. दरअसल, सीएम नीतीश कुमार ने बिहार की भौगोलिक स्थिति को प्रदेश के विकास में बाधा बताते हुए कहा कि चारों तरफ से हम लोग घिरे हुए हैं. ज्यादा बड़े उद्योग समुद्र के किनारे के राज्यों में लगते हैं. हम लोगों ने तो बहुत कोशिश की पर बड़े उद्योगपति बिहार नहीं आए. सीएम नीतीश की इन्हीं बातों को आधार बनाते हुए अब लोक जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष चिराग पासवान (LJP President Chirag Paswan) ने सीएम नीतीश पर हमला बोला है. चिराग ने कहा कि कुछ भी हो जाए इस बार नीतीश को सीएम नहीं बनने देंगे.
चिराग ने कहा, पहली ही रैली में मुख्यमंत्री जी बोल रहे हैं कि हमने तो बहुत कोशिश कर ली. बिहार में तो उद्योग लग ही नहीं सकते. नीतीश कुमार कह रहे हैं कि बिहार समुद्र से नहीं घिरा है, इसलिए यहां उद्योग-धंधे नहीं हैं. लेकिन, बिहार इकलौता राज्य नहीं है, जो लैंड लॉक्ड है, बल्कि दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, असम जैसे राज्य भी हैं, जो चारों तरफ से जमीन से ही घिरे हुए हैं. इन राज्यों में से कई में बिहार के मुकाबले ज्यादा फैक्ट्रियां हैं.
दो दशक पीछे अटके हुए हैं सीएम नीतीश कुमार
लोजपा अध्यक्ष ने कहा कि नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री रहते विकास होना या बिहार का विकसित होना संभव नहीं है. प्रदेश की जनता ने उन्हें 15 साल दिए. डेढ़ दशक के बाद भी अगर आज भी हमें नली-गली पर ही बात करनी है, या आज भी अगर हमें इन्हीं बातों पर गौर करना कि भैया मेरे घर के आगे चापाकल गड़ गया, मेरे घर के सामने एक सड़क बन गई, तो मुझे लगता है कि हमारे मुख्यमंत्री जी को विकास के मापदंड जानने की जरूरत है कि दुनिया कहां पहुंच गई है.
मुख्यमंत्री को पांच साल और मिले तो ठीक नहीं होगा
एलजेपी चीफ ने कहा, सीएम नीतीश आज बात करते हैं कि आपके घरों और खेतों में बिजली पहुंचाएंगे. बिहार हमारा कृषि प्रधान राज्य है, बिजली अभी तक पहुंच जानी चाहिए थी. सिंचाई सुविधाएं अभी तक हर खेत में हर गांव तक पहुंच जानी चाहिए थी. हकीकत यह है कि दुनिया और देश अलग मापदंड पर विकास की बातें करते हैं तो मेरे लिए यह बात चिंता का विषय बनती है कि 15 साल में जो चीजें नहीं हो पाईं, अगर मेरी वजह से या मेरे समर्थन से पूर्व मुख्यमंत्री जी को 5 साल और मिलते हैं तो मैं अपने आपको कभी माफ नहीं कर पाउंगा.
Input: News18







