बिहार में कोरोना कोहराम मचाए हुए हैं. राज्य में संक्रमण बड़ी तेजी से फ़ैल रहा है. सूबे के अस्पतालों में बेड और ऑक्सीजन जैसी मूलभूत सुविधाओं की भी कमी देखी जा रही है. इधर सोमवार से ट्विटर पर #ResignMangalPandey ट्रेंड कर रहा है. स्वास्थ्य मंत्री कार्यशैली से नाराज लोग उनका इस्तीफा मांग रहे हैं.

बिहार में कोरोना मरीजों के इलाज में भारी कुव्यवस्था देखने को मिल रही है. कहीं ऑक्सीजन की कमी, बेड नहीं, डॉक्टर नहीं होने की बात सामने आती है. ऐसे में लोग अपने मरीज को लेकर इस अस्पताल से उस अस्पताल भटक रहे हैं. चार-चार, पांच-पांच घंटे लोग मरीज को लेकर एंबुलेंस में अस्पताल के बाहर बेड की आश में लाइन लगाए रहते हैं. बिहार के इस स्थिति से लोगों में सरकार और स्वास्थ्य मंत्री के प्रति काफी गुस्सा है.

हालांकि सरकार इलाज को दुरूस्त करने और संक्रमण की चेन तोड़ने को लेकर प्रयासरत है. आज ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आपलोग यह सुनिश्चित करें कि कोरोना संक्रमितों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो. स्वास्थ्य विभाग योजनाबद्ध तरीके से बेहतर प्रबंधन के साथ कार्य करे. सरकार की तरफ से राशि की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी.मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार में 18 वर्ष से अधिक और 45 वर्ष से कम उम्र के लोगों का भी टीकाकरण शुरू हो गया है. सभी लोगों को कोरोना संक्रमण के प्रति सजग एवं सचेत रहना है. उन्होंने कहा कि लोग मास्क का प्रयोग अनिवार्य रूप से करें. वे आपस में दूरी बनाकर रखें. सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें.

इसके पहले स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत ने कोरोना संक्रमण की अद्यतन स्थिति की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि 18 वर्ष से अधिक और 45 वर्ष से कम उम्र के लोगों का भी टीकाकरण राज्य सरकार की तरफ से निःशुल्क कराया जा रहा है. अधिकारी अधिक से अधिक लोगों को टीकाकरण कराने के लिए तेजी से कार्य करें. जांच की संख्या और बढ़ाएं, ताकि अधिक से अधिक संक्रमितों का पता चल सके.

बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव चंचल कुमार उपस्थित थे, जबकि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, उपमुख्यमंत्री रेणु देवी, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे, मुख्य सचिव त्रिपुरारी शरण, विकास आयुक्त आमिर सुबहानी, अपर मुख्य सचिव पंचायती राज अमृत लाल मीणा, प्रधान सचिव वित्त एस सिद्धार्थ तथा नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव आनंद किशोर जुड़े हुए थे.

Input: Live Cities

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD