कोरोना संकट और राजनीतिक विरोध व विवाद के बीच राष्ट्रीय स्तर पर मंगलवार से शुरू हो रही जेईई मेंस जैसी पहली बड़ी परीक्षा को सफल बनाने के लिए केंद्र सरकार पूरी ताकत से जुटी है। खुद शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने मोर्चा संभाला है। रविवार रात से सोमवार शाम तक उन्होंने परीक्षाओं से जुड़े इंतजामों को लेकर दर्जन भर से ज्यादा राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ खुद फोन पर बातचीत की। इधर, जेईई और नीट परीक्षा के लिए बिहार में अंतर जिला विशेष बसें और टेनें चलाई जाएंगी। यह जानकारी राज्य के परिवहन सचिव संजय अग्रवाल ने सोमवार को दी। उन्होंने बताया कि दोनों परीक्षाओं में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की संख्या को देखते हुए जेईई-नीट स्पेशल ट्रेन और बसें चलाने की मांग लगातार की जा रही थी। इसके बाद परिवहन विभाग ने रेलवे को अंतर जिला ट्रेनें चलाने का प्रस्ताव दिया था। जिसे रेलवे ने मंजूर कर लिया है। साथ ही परिवहन विभाग ने भी विशेष बसों के परिचालन की अनुमति दी है।
Source : Dainik Jagran






