जब से बीएमपी-14 के 5 जवानों के कोरोना टेस्ट का रिजल्ट पॉजिटिव आया है, उसके बाद से ही बिहार पुलिस मुख्यालय टेंशन में है. अगर पुलिस में कोरोना पॉजिटिव का मामला बढ़ा तो ये बड़ी परेशानी का सबब बन सकती है. क्योंकि लॉकडाउन का पालन करान के लिए पुलिस की टीम हर चौक-चौराहों पर मुस्तैद है. साथ में हॉट स्पॉट व कंटेनमेंट जोन के एरिया में भी सख्ती से काम कर रही है.

इसके अलावा लॉ एंड ऑर्डर पर भी पुलिस की गहरी नजर है. ऐसे में पुलिस अफसर और जवानों का स्वस्थ्य रहना बेहद जरूरी है. इन्हीें बातों को ध्यान में रखते हुए आईजी हेडक्वार्टर नैयर हसनैन खान ने स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव को एक लेटर लिखा है.
लेटर के जरिए आईजी हेडक्वार्टर ने पुलिस अफसर और जवानों के सामने हो रही परेशानी का जिक्र किया है. जिस तरह से बीएमपी में एक साथ 5 जवान कोरोना पॉजिटिव मिले हैं, उससे फिल्ड में काम कर रहे पुलिस अफसर और जवान घबराने लगे हैं. इसलिए पुलिस के अफसर और जवानों का कोरोना टेस्ट कराया जाना बेहद जरूरी है.

नैयर हसनैन खान ने स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव से हर एक पुलिस अफसर, जवान और इनके परिजनों का रैंडमली कोरोना टेस्ट कराने की मांग की है. समय रहते टेस्टिंग का यह काम शुरू हो गया तो पुलिस डिपार्टमेंट के अंदर कोरोना वायरस के संक्रमण के फैलाव को रोका जा सकता है.
Input : Live Cities





