मानसून के समय पर आने की जहां लोगों में खुशी है वहीं, राजधानी पटना में इसके साइड इफेक्ट लोगों को परेशान कर रहे हैं. दरअसल गुरुवार को दिन में रुक-रुककर बारिश होती रही. इसके बाद देर रात में दो घंटे तक मूसलाधार बारिश (Heavy Rain) हुई. इसके बाद तो राजधानी पटना का नजारा ही बदल गया. पटना नगर निगम (Patna Municipal Corporation) के दावों की पोल खुल गई और जगह-जगह जलजमाव का नजारा दिखने लगा. पटना के कई निचले इलाकों में जलजमाव ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी. यही वजह रही कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Chief Minister Nitish Kumar) स्वयं इस परिस्थिति का जायजा लेने निकल पड़े.
तेजस्वी ने सीएम नीतीश पर साधा निशाना
सीएम नीतीश ने पटना नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सात अलग-अलग क्षेत्रों का दौरा किया. सीएम पाटलिपुत्र कॉम्प्लेक्स, योगीपुर संप हाउस और ड्रेनेज, पहाड़ी ड्रेनेज, बादशाही पइन, बस टर्मिनल बैरिया, और गांधी सेतु इलाके पहुंचे और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए. हालांकि सीएम के इस तरह पहली बारिश में ही मुआयना के लिए निकल पड़ने पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने निशाना साधते हुए कहा कि ढोल बजने के डर से नीतीश कुमार घर से बाहर निकले हैं क्योंकि अभी और बारिश होनी बाकी है.
तेजस्वी ने जलजमाव के क्षेत्र का मुआयना किया
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी पटना की सड़कों का मुआयना किया और कई नालों का भी निरीक्षण किया. उन्होंने पटना के राजवंशी नगर नगर इलाके में जलजमाव का निरीक्षण करने के बाद कहा कि इस बारिश ने नगर निगम की पोल नहीं सरकार की पोल खोली है. उन्होंने कहा कि बिहार सरकार ने भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया जिसका नतीजा है कि इस बार फिर पटनावासियों को जलजमाव का सामना करना पड़ेगा.
गुरुवार को हुई मूसलाधार बारिश
बता दें कि पटना के कई इलाकों में रात भर हुई बारिश से झील की स्थिति बन गई. राजधानी का राजेंद्र नगर इलाका सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है. यहां बहादुरपुर, रामपुर समेत कई मोहल्ले पूरी तरह से जलमग्न हो गए. दूसरी ओर पटना के ही राजबंशी नगर इलाके में भी कई घरों में पानी घुस गया. यही हाल पुनाईचक समेत अन्य इलाकों का भी रहा. पटना के पॉश इलाके में शुमार बेली रोड पर कई जगह पानी जमा हो गया. वहीं इनकम टैक्स चौराहा के पास स्थित विद्युत भवन के कैंपस में भी जलजमाव की स्थिति पैदा हो गई.






