क्‍या राष्‍ट्रीय जनता दल (RJD) के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव (Tej Pratap Yadav) को आजकल अपनी पत्‍नी ऐश्‍वर्या राय (Aishvarya Rai) की याद सता रही है? ऐसा हम नहीं कह रहे हैं, उनके एक ट्वीट पर कई यूजर्स पूछ रहे हैं। बिहार विधानसभा के जारी बजट सत्र की राजनीतिक गहमागहमी के बीच तेज प्रताप यादव ने ‘माेहब्‍बत’ वाला ट्वीट किया। यह ट्वीट भले ही पूर्व डीजीपी और अब जनता दल यूनाइटेड के नेता गुप्‍तेश्‍वर पांडे पर राजनीतिक संदर्भ में किया गया तंज है, कई यूजर्स ने इसे तेज प्रताप की पत्‍नी ऐश्‍वर्या राय से जोड़ कर देख रहे हैं। यूजर्स ने तेज प्रताप यादव के इस ट्वीट पर तरह-तरह के और दिलचस्‍प कमेंट किए हैं।

होली में ऐश्‍वर्या भाभी की याद आ रही क्‍या भैया

तेज प्रताप यादव ने गुरुवार को हिंदी फिल्‍मों का एक मशहूर गाना ट्वीट किया। उन्‍होंने लिखा- ‘ऐ मोहब्‍बत तेरे अंजाम पे रोना आया; जाने क्‍यों आज तेरे नाम पे रोना आया…।’ कई यूजर्स ने इसे तेज प्रताप यादव की निजी जिंदगी से जोड़कर देखा है। विदित हो कि तेज प्रताप यादव ने अपनी पत्‍नी ऐश्‍वर्या राय पर शादी के छह महीने के अंदर ही तलाक का मुकदमा कर दिया था। यह मामला कोर्ट में लंबित है।

ट्वीट पर यूजर्स कर रहे हैं तरह-तरह के कमेंट्स

इस ट्वीट पर यूजर्स तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं। किसलय ठाकुर नाम के एक यूजर ने लिखा है कि लगता है तेजु भैया को ऐश्‍वर्या भौजी को बहुत याद आ रही है। धर्मवीर पांडेय ने पूछा है कि होली में ऐश्‍वर्या भाभी की बहुत याद आ रही है क्‍या भैया? अनुराग दूबे ने लिखा है कि भाभी ने शायर बना दिया।

एक यूजर मुन्‍ना यादव ने लिखते हैं कि दूर जाने के बाद पछतावा करके कुछ फायदा नहीं होगा। अभी भी मौका है गलती को सुधार लेने का। राहुल कुमार ने लिखा है- हर दिन एक जैसा नहीं होता है सर। रंजन कुमार, अजय श्रीवास्‍तव और उमेश चंद्र गुप्‍ता आदि यूजर्स ने भी कुछ ऐसी ही बातें लिखीं हैं।

कई यूजर्स ने तेज प्रताप के शेरो-शायरी वाले अंदाज को सराहा है, लेकिन खास बात तो यह है कि ज्‍यादातर लोग यह नहीं समझ पाए कि तेज प्रताप ने आखिर यह गीत ट्वीट किया क्‍यों?

मामला वह नहीं जो लोग समझ रहे

दरअसल, तेज प्रताप यादव ने यह ट्वीट राजनीतिक मकसद से ही किया है। इसका उनकी निजी जिंदगी से कोई मतलब नहीं है। उन्‍होंने यह ट्वीट बिहार के पूर्व डीजीपी और जेडीयू नेता गुप्‍तेश्‍वर पांडेय के एक ट्वीट का जवाब है। गुप्‍तेश्‍वर पांडेय आजकल पार्टी में अपनी उपेक्षा से दुखी हैं। बिहार विधानसभा चुनाव 2020 से ठीक पहले डीजीपी की कुर्सी से त्‍यागपत्र देने वाले गुप्‍तेश्‍वर पांडेय को न तो विधानसभा टिकट मिला और न बिहार विधान परिषद में ही जगह मिली। उन्‍हें पार्टी में भी कोई महत्‍वपूर्ण जिम्‍मेदारी नहीं दी गई। अपनी पीड़ा को जाहिर करते हुए उन्‍होंने एक ट्वीट किया था, जिसमें लिखा था- ‘तेरे बर्बाद होने से कोई आबाद हो जाए, तो शराफत का तकाजा है कि तू बर्बाद हो जाए।’ गुप्‍तेश्‍वर पांडेय खुद गीतों और शेरो-शायरी के बड़े शौकीन हैं। उन्‍हीं के ट्वीट पर तेज प्रताप ने तंज कसा, जिसे कई लोग कुछ और ही समझ गए।

Source : Dainik Jagran

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD