एक्टर सुशांत सिंह राजपूत के सुसाइड मामले में राजद नेता तेज प्रताप यादव ने कहा है कि सुशांत ने सुसाइड नहीं किया बल्कि उनका मर्डर किया गया है। इस केस को दबाने के लिए मुंबई पुलिस ने पैसे लिए हैं। केंद्र सरकार इस मामले में पहल करे और पूरे मामले की सीबीआई जांच होनी चाहिए। इस मामले की निष्पक्ष जांच होगी तो दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। सच्चाई सामने आ जाएगी कि सुशांत की मौत का गुनहगार कौन है।

सुसाइड केस की जांच को लेकर बिहार और मुंबई पुलिस के बीच हो रही खींचतान पर तेज प्रताप ने कहा कि यह बहुत निंदनीय है। मुंबई पुलिस जिस तरह का व्यवहार कर रही है वह पूरी तरह साजिश है ताकि मामले का पर्दाफाश नहीं हो। महाराष्ट्र सरकार और मुंबई पुलिस हमेशा बिहार के लोगों के साथ भेदभाव करती रही है। मुंबई पुलिस का रवैया गलत है।

बता दें कि 14 जून को एक्टर सुशांत सिंह राजपूत ने मुंबई स्थित अपने फ्लैट में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी। सुशांत के परिवार वालों ने 28 जुलाई को पटना के राजीव नगर थाने में रिया और उसके परिवार वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। चार अधिकारी जांच के लिए मुंबई गए हुए हैं और वहां की लोकल पुलिस के साथ मिलकर मामले की जांच कर रहे हैं। हालांकि, यह आरोप लग रहे हैं कि मुंबई पुलिस बिहार पुलिस के साथ कोऑपरेट नहीं कर रही है। बिहार पुलिस को न तो गाड़ी उपलब्ध कराई गई और न ही अब तक हुए जांच के कोई दस्तावेज दिए गए। सुशांत की मौत के बाद से लगातार सीबीआई जांच की मांग की जा रही है।

Input : Dainik Jagran

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD