बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की गुपचुप तरीके से दिल्ली में हुई शादी के बाद अब सबको उनके भोज (रिसेप्शन) का इंतजार है. तेजस्वी के अपनी नवविवाहिता पत्नी के साथ पटना लौटते ही यह माना जा रहा था कि तेजस्वी यादव बड़ा भोज देंगे, पर ऐसा नहीं हुआ. पत्नी राजश्री के साथ पटना पहुंचने के साथ ही खरमास शुरू हो गया. शादी के बाद तेजस्वी यादव शनिवार को पहली बार आरजेडी कार्यालय पहुंचे थे. यहां पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और महिला कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया.

तेजस्वी ने आरजेडी दफ्तर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर स्पष्ट किया कि खरमास खत्म होते ही सबको बहुभोज दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि दिल्ली से पटना पहुंचने के बाद खरमास से पहले तैयारी का समय नहीं था. 15 जनवरी को खरमास खत्म होते ही भोज देंगे जिसमे सभी लोग शामिल होंगे. उन्होंने कहा कि पहले लोग पूछते रहते थे कि शादी कब होगी. शादी का सरप्राइज भी सबको मिल गया, अब खरमास के बाद जल्द ही भोज दिया जाएगा.

भोज में बड़ी संख्या में लोग होंगे शामिल
तेजस्वी यादव के एलान के बाद माना जा रहा है कि खरमास खत्म होते ही लोगों को बड़े भोज देने की तैयारी की जा रही है. इस आयोजन में आरजेडी के तमाम बड़े नेता, जिला के अध्यक्षों के साथ-साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी शामिल होंगे. साथ ही यह भी माना जा रहा है कि नेता विपक्ष इस भोज में अन्य दलों के नेताओं को भी आमंत्रित करेंगे.

तेजस्वी ने स्पष्ट किया अब पार्टी का काम शुरू
तेजस्वी यादव ने शादी के बाद आरजेडी कार्यालय पहुंच कर प्रेस कांफ्रेंस कर सरकार और विरोधियों पर जिस तरीके से हमले किये उससे यह स्पष्ट हो जाता है कि उनका हनीमून पीरियड खत्म हो गया है. अब वो पार्टी के कामों में लगेंगे और पार्टी की मजबूती और कार्यक्रमों में तेजी लाएंगे.
Source : News18
(मुजफ्फरपुर नाउ के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)





