प्रेमी की पिटाई होता देख लड़की ने अपने मौसा को चाकू घोंप दी। इसके बाद लड़की अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। हालांकि, पुलिस ने लड़की और प्रेमी सहित चार लोगों को दबोच लिया है। सभी से पूछताछ चल रही है। वहीं जख्मी को गंभीर स्थिति में डीएमसीएच में भर्ती कराया गया है।

जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। बताया जाता है कि पेट में चाकू लगने से आंतरिक भाग को नुकसान पहुंचा है। घटना के संदर्भ में बताया जाता है कि सिमरी थाना क्षेत्र की रहने वाली लड़की विगत कुछ वर्षों अपने ननिहाल भालपट्टी ओपी के फजीला गांव में रह रही थी। जहां पास के अंशु सहनी से उसे प्रेम हो गया।

घटना की जानकारी जब लड़की के मामा को मिली तो  उसे फेकला ओपी क्षेत्र के गोढिय़ा गांव स्थित मौसी के घर पहुंचा दिया। बावजूद, कोई सुधार नहीं हुआ। गुरुवार की रात प्रेमी अपने दो  साथियों के साथ बाइक लेकर प्रेमिका से मिलने पहुंच गया। इसकी जानकारी लड़की के मौसा अजय सहनी को मिल गई।

लोगों की मदद से अंशु और उसके साथी लहेरियासराय थानाक्षेत्र के नाका नंबर छह निवासी आशिष सहनी और बेंता निवासी बबलू सहनी को दबोच लिया और जमकर धुनाई करने लगे। मौके पर खड़ी लड़की अपने प्रेमी की पिटाई को बर्दाश्त नहीं कर पाई और वह अपने मौसा के पेट में चाकू घोंप दी। मौसा के नीचे गिरते ही लड़की अपने प्रेमी का हाथ पकड़ पैदल ही घर से फरार हो गई। इस बीच अंशु के दोनों साथियों को लोगों ने खदेड़कर पकड़ लिया। जिसके निशानदेही पर पुलिस ने शुक्रवार को लड़की और प्रेमी को लहेरियासराय में दबोच लिया।

पुलिस ने आरोपितों का बाइक भी जब्त कर लिया है। ओपी प्रभारी शमशाद शान ने बताया कि आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के बाद से इलाके में तरह तरह की चर्चाएं हो रही है। हर कोई लड़की के दुस्साहस की चर्चा कर रहा है।

Input: Dainik Jagran

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD